Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड: मैट हेनरी ने चटकाए 5 विकेट, हासिल की ये उपलब्धि
मैट हेनरी ने चटकाए 5 विकेट (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

भारत बनाम न्यूजीलैंड: मैट हेनरी ने चटकाए 5 विकेट, हासिल की ये उपलब्धि

Oct 17, 2024
01:41 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाजों के अविश्वसनीय प्रदर्शन के चलते बेंगलुरु टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम की पहली पारी सिर्फ 46 रन पर सिमट गई। कीवी टीम से मैट हेनरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 सफलताएं हासिल की। इस बीच उन्होंने अपने टेस्ट करियर के 100 विकेट भी पूरे किए। यह भारतीय टीम के खिलाफ हेनरी का पहला 5 विकेट हॉल भी रहा। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

घातक रही हेनरी की गेंदबाजी 

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनरी ने सरफराज खान (0) को आउट करके विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा (0) और रविचंद्रन अश्विन (0) के विकट लगातार गेंदों पर हासिल किए। आखिर में उन्होंने ऋषभ पंत (20) और कुलदीप यादव (2) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 13.2 ओवर में 15 रन देते हुए 5 सफलताएं हासिल की। उनके अलावा विलियम ओरुके ने 4 और टिम साउथी ने 1 विकेट चटकाए।

आंकड़े

हेनरी ने पूरे किए अपने 100 टेस्ट विकेट

हेनरी अब न्यूजीलैंड की ओर से टेस्ट में 100 विकेट लेने वाले 15वें गेंदबाज बन गए हैं। उनके अब 26 टेस्ट की 50 पारियों में 30.94 की औसत के साथ 100 विकेट हो गए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 23 रन देकर 7 विकेट लेना रहा है। उन्होंने अब तक इस प्रारूप में 4 बार, 5 विकेट हॉल लिए। बता दें कि हेनरी ने 2015 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।

रिकॉर्ड्स 

हेनरी ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

हेनरी अब न्यूजीलैंड की ओर से संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में नील वैगनर (26 टेस्ट) की बराबरी की है। कीवी टीम से तेज विकेटों का शतक रिचर्ड हेडली (25 मैच) ने लगाया है। हेनरी भारत की सरजमीं पर चौथे सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले कीवी तेज गेंदबाज बने हैं। इस सूची में उनसे बेहतर साउथी (7/64), डायन नैश (6/27) और हेडली (6/49) हैं।

आंकड़े 

भारत के खिलाफ हेनरी ने लिया पहला 5 विकेट हॉल 

हेनरी ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अब तक 3 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 24.45 की औसत के साथ कुल 11 विकेट चटकाए हैं। दिलचस्प रूप से उन्होंने ये तीनों टेस्ट भारतीय सरजमीं पर ही खेले हैं। हेनरी ने एशिया में अब तक सिर्फ 4 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 30.46 की औसत से 13 ही विकेट चटकाए हैं। उन्होंने भारत के अलावा एशिया में सिर्फ पाकिस्तान की धरती पर 1 टेस्ट खेला है।

भारत 

भारत ने घर पर बनाया अपना सबसे कम स्कोर

हेनरी की घातक गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम ने घर पर अपना सबसे कम स्कोर (46) बनाया है। इस पारी से पहले भारतीय टीम का घरेलू सरजमीं पर सबसे छोटा स्कोर 75 रन था। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत का यह तीसरा सबसे छोटा स्कोर है। भारतीय टीम साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इंग्लैंड के खिलाफ साल 1974 में टीम 42 रन पर पवेलियन लौट गई थी।