Page Loader
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने ली 134 रन की बढ़त, ऐसा रहा दूसरे दिन का खेल
भारतीय टीम के टेस्ट कुछ खास नहीं जा रहा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने ली 134 रन की बढ़त, ऐसा रहा दूसरे दिन का खेल

Oct 17, 2024
05:35 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। बेंगलुरु में पहले दिन बारिश के कारण 1 भी गेंद का खेल नहीं हो पाया था। दूसरे दिन पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की पहली पारी सिर्फ 46 रन पर समाप्त हो गई। जवाब में कीवी टीम ने 3 विकेट खोकर 180 रन बना लिए हैं। टीम को 134 रन की बढ़त मिली है। रचिन रविंद्र (22*) और डेरिल मिचेल (14*) नाबाद हैं।

लेखा-जोखा

दूसरे दिन का लेखा-जोखा 

मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और 31.2 ओवर में पूरी टीम पवेलियन में थी। ऋषभ पंत ने भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। भारत के 5 बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके। जवाब में डेवोन कॉनवे (91) की शानदार पारी के दम पर न्यूजीलैंड की टीम अब मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।

सरजमीं

भारतीय सरजमीं पर सबसे छोटा स्कोर 

46 रन से पहले भारतीय टीम का घरेलू सरजमीं पर सबसे छोटा स्कोर 75 रन था। साल 1987 में भारतीय टीम वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 75 रन पर ऑलआउट हो गई थी। वह मुकाबला दिल्ली में खेला गया था। इसके अलावा साल 2007/8 में भारत दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 76 रन पर ऑलआउट हुई थी। वह मुकाबला अहमदाबाद में हुआ था। पहली बार भारतीय टीम अपनी घरेलू सरजमीं पर 50 से कम स्कोर पर ऑलआउट हुई है।

छोटा

भारत का तीसरा सबसे छोटा स्कोर 

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत का यह तीसरा सबसे छोटा स्कोर है। भारतीय टीम साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इंग्लैंड के खिलाफ साल 1974 में टीम 42 रन पर पवेलियन लौट गई थी। पहला मुकाबला एडिलेड और दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ तीसरा मौका है जब भारतीय टीम 50 से कम स्कोर पर ऑलआउट हुई है।

घातक

मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी 

हेनरी ने सरफराज खान (0) को आउट करके विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा (0) और रविचंद्रन अश्विन (0) के विकट लगातार गेंदों पर हासिल किए। आखिर में उन्होंने पंत (20) और कुलदीप यादव (2) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 13.2 ओवर में 15 रन देते हुए 5 सफलताएं हासिल की। उनके अलावा विलियम ओरुके ने 4 और टिम साउथी ने 1 विकेट चटकाए। हेनरी ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए।

जानकारी

कॉनवे का भारतीय टीम के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 

कॉनवे ने पारी में 105 गेंदों का सामना किया और 91 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 3 छक्के निकले। यह भारत के खिलाफ उनके टेस्ट करियर का सबसे बड़ा स्कोर है। टेस्ट क्रिकेट में इस खिलाड़ी का यह 10वां अर्धशतक है।

रिकॉर्ड्स

हेनरी द्वारा बनाए गए कुछ और रिकॉर्ड्स 

हेनरी अब न्यूजीलैंड की ओर से संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में नील वैगनर (26 टेस्ट) की बराबरी कर ली है। कीवी टीम से तेज विकेटों का शतक रिचर्ड हेडली (25 मैच) ने लगाया है। हेनरी ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अब तक 3 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 24.45 की औसत के साथ कुल 11 विकेट चटकाए हैं।