Page Loader
हैदराबाद टेस्ट: ओली पोप ने भारत के खिलाफ लगाया अपना पहला शतक, जानिए आंकड़े 
ओली पोप ने अपने टेस्ट करियर का पांचवा शतक लगाया है (तस्वीर: ट्विटर/ @ICC)

हैदराबाद टेस्ट: ओली पोप ने भारत के खिलाफ लगाया अपना पहला शतक, जानिए आंकड़े 

Jan 27, 2024
03:40 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ओली पोप ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शानदार शतक जमाया। यह पोप के टेस्ट क्रिकेट करियर का पांचवां शतक रहा और उसे पूरा करने के लिए उन्होंने 154 गेंद खेलीं। पोप ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। भारत के खिलाफ उनका यह पहला ही टेस्ट शतक है। आइए पोप की पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

पारी

ऐसी रही पोप की पारी 

पोप ने अहम अवसर पर टीम के लिए उपयोगी रन बनाए और भारत के खिलाफ बढ़त लेने में टीम की मदद की। उन्होंने लगभग 60 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर रन बटोरे। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। इस पारी के दौरान उन्होंने दूसरे विकेट के लिए बेन डकेट के साथ 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। एक तरफ इंग्लैंड के बल्लेबाज पवेलियन लौट रहे थे और पोप ने एक छोर को संभाले रखा।

शतक

भारत के खिलाफ लगाया पहला शतक 

टेस्ट क्रिकेट में पोप ने भारत के खिलाफ पहला शतक लगाया है। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 9 टेस्ट खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 23.00 से ज्यादा की औसत से 300 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला है। पोप ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने 9 टेस्ट मैच में 36.00 की औसत से 576 रन बनाए हैं।

करियर

कैसा रहा है पोप का टेस्ट करियर?

पोप ने 38 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 34 से ज्यादा की औसत से 2,100 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 5 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं। इंग्लैंड का यह बल्लेबाज 5 बार नाबाद रहा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 205 रन रहा है। उन्होंने यह पारी आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी। पोप ने अपना पहला टेस्ट मैच 9 अगस्त, 2018 को भारत के खिलाफ खेला था। वह मुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था।

प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में कैसा रहा है पोप का प्रदर्शन? 

पोप ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 90 मैच खेले हैं और 50.41 की शानदार औसत के साथ 6,403 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 18 शतक और 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। लिस्ट-A क्रिकेट में पोप ने 31 मैच खेले हैं और 33.34 की औसत से 767 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं। इंग्लैंड के लिए पोप वनडे क्रिकेट और टी-20 क्रिकेट में डेब्यू नहीं कर पाए हैं।