Page Loader
दूसरा टेस्ट: पहले दिन भारत ने बनाए 336 रन, यशस्वी जायसवाल ने खेली उम्दा पारी 
भारतीय टीम ने पहले दिन अच्छी बल्लेबाजी की है (तस्वीर: एक्स/ @BCCI)

दूसरा टेस्ट: पहले दिन भारत ने बनाए 336 रन, यशस्वी जायसवाल ने खेली उम्दा पारी 

Feb 02, 2024
04:41 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच विशाखापट्टनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 336 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक यशस्वी जायसवाल (179*) और रविचंद्रन अश्विन (5*) नाबाद थे। यशस्वी ने पहले दिन अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। यह इंग्लैंड के खिलाफ उनका पहला टेस्ट शतक भी है। ऐसे में आइए पहले दिन के खेल पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

पहले दिन के खेल का लेखा-जोखा 

रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और वह 41 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए शुभमन गिल के बल्ले से 34 रन निकले। श्रेयस अय्यर (27) और अपना पहला टेस्ट खेल रहे रजत पाटीदार (32) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। अक्षर पटेल (27) और केएस भरत (17) रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर और रेहान अहमद ने 2-2 विकेट लिए।

शतक

यशस्वी जायसवाल की शानदार पारी 

भारतीय टीम की नई युवा सनसनी यशस्वी का शानदार फॉर्म दूसरे टेस्ट में भी जारी रहा। हैदराबाद में खेले गए पहले मुकाबले में वह 80 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, दूसरे टेस्ट में उन्होंने 151 गेंद का सामना करते हुए अपना दूसरा शतक लगा दिया। वह अभी भी 257 गेंद का सामना करते हुए 179 रन बना चुके हैं। उनके बल्ले से 17 चौके और 5 छक्के निकले हैं। दूसरे दिन उनसे दोहरे शतक की उम्मीद होगी।

खराब

रोहित और शुभमन का खराब फॉर्म जारी 

शुभमन पिछली 12 पारियों में और रोहित पिछली 7 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। शुभमन ने 13, 18, 6, 10, 29*, 2, 26, 36, 10, 23, 0 और 34 के स्कोर बनाए हैं। गिल ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 128 रन बनाए थे। उसके बाद वह 50 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। रोहित ने पिछली 7 पारियों में 14, 39, 24, 16*, 39, 0 और 5 के स्कोर बनाए हैं।

रिकॉर्ड

यशस्वी के नाम आए यह रिकॉर्ड 

22 साल और उससे कम की उम्र में सलामी बल्लेबाज के तौर पर भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक सुनील गावस्कर (4) ने लगाए हैं। यशस्वी (2) शतक के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं। यशस्वी 22 और उससे कम उम्र के सिर्फ तीसरे सलामी बल्लेबाज बने हैं जिन्होंने 2 या उससे ज्यादा बार 150+ के स्कोर बनाए हैं। ग्रीम स्मिथ ने यह कारनामा (4) बार किया था। यशस्वी ने क्रिस गेल (2) की बराबरी की है।