Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड, दूसरा वनडे: जो रूट और बेन डकेट ने खेली अर्धशतकीय पारी, जानिए आंकड़े 
जो रूट ने अच्छी पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

भारत बनाम इंग्लैंड, दूसरा वनडे: जो रूट और बेन डकेट ने खेली अर्धशतकीय पारी, जानिए आंकड़े 

Feb 09, 2025
05:23 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी जो रूट और सलामी बल्लेबाज बने डकेट ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। रूट के बल्ले से 69 और डकेट के बल्ले से 65 रन निकले। वनडे में रूट का 40वां और डकेट का छठा अर्धशतक रहा। भारत के खिलाफ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान का चौथा और डकेट का यह पहला अर्धशतक है। ऐसे में आइए दोनों की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

ऐसी रही दोनों खिलाड़ियों की पारी 

रूट नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने 72 गेंदों का सामना किया और 69 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 95.83 की रही। रूट ने डकेट के साथ 21 रन जोड़े। इसके अलावा हैरी ब्रूक के साथ उन्होंने 66 और जोस बटलर के साथ 51 रन की साझेदारी निभाई। सलामी बल्लेबाजी डकेट ने 56 गेंदों का सामना किया और 65 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 116.07 की रही।

रिकॉर्ड

रूट ने ये रिकॉर्ड किया अपने नाम 

रूट ने अपनी इस पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा (56) बार 50+ का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इयोन मोर्गन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 55 बार ये कारनामा किया था। टेस्ट में भी इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा बार यह कारनामा रूट ने ही किया है। उन्होंने 101 बार 50+ का स्कोर बनाया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह रिकॉर्ड बटलर (27) के नाम है।

करियर

रूट के वनडे करियर पर एक नजर 

रूट ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2013 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 173 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 162 पारियों में 47.55 की औसत से 6,610 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 16 शतक और 40 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 133* रन रहा है। अपने वनडे करियर में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा रन (1,178) श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।

सलामी बल्लेबाज

डकेट के वनडे करियर पर एक नजर 

डकेट ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2016 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 18 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 18 पारियों में 46.88 की औसत से 797 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107* रन रहा है। डकेट ने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन (305) ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं।