Page Loader
IPL 2021: मालदीव या श्रीलंका होकर स्वदेश लौटेंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, BCCI कर रहा है मदद

IPL 2021: मालदीव या श्रीलंका होकर स्वदेश लौटेंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, BCCI कर रहा है मदद

May 05, 2021
09:29 pm

क्या है खबर?

कोरोना से बिगड़ते हालातों के बीच ऑस्ट्रेलिया ने भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं। वहीं बीते मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के स्थगित होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भारत में फंसे हुए हैं। इस बीच क्रिकेट आस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हॉकले ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को स्वदेश पहुंचाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहा है।

बयान

चार्टर विमान के इंतजाम के लिए प्रतिबद्ध है BCCI- हॉकले

हॉकले ने बताया कि बोर्ड ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए चार्टर प्लेन का इंतजाम कर रहा है। उन्होंने कहा, "BCCI पूरे दल को भारत से बाहर निकालने के लिए काम कर रहा है, जहां वे ऑस्ट्रेलिया में वापसी संभव होने तक रुकेंगे।" ​उन्होंने आगे कहा, "BCCI कई विकल्पों पर काम कर रहा है। अब मालदीव और श्रीलंका को चुना गया है। BCCI उन्हें भारत से बाहर निकालने और फिर चार्टर विमान से स्वदेश भेजने के लिए भी प्रयासरत है।"

जानकारी

माइक हसी कुछ दिन और भारत में ही रहेंगे

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाजी कोच माइक हसी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में वह कम से कम दस दिन भारत में ही आइसोलेशन में रहेंगे और स्वस्थ होकर ही अपने देश लौटेंगे। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने हसी के हवाले से कहा, "उनमे हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं इसलिए वह अपने होटल में कम से कम 10 दिन आइसोलेशन में रहेंगे। टीम उनका सहयोग कर रही है जो अच्छी चीज है।"

यात्रा प्रतिबंध

ऑस्ट्रेलिया ने 15 मई तक लगाया है यात्रा प्रतिबंध

IPL 2021 के मुकाबले लगातार खेले जा रहे थे और इस बीच भारत में कोरोना के मामले लगातार तेजी से बढ़ते जा रहे थे। देश में रोजाना तीन लाख से अधिक कोरोना के मामले आने लगे थे। इससे कई देशों ने सुरक्षा के तौर पर भारत से आने वाले यात्रियों पर रोक लगा दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने 15 मई तक भारत से आने वाले अपने ही नागरिकों पर बैन लगाया हुआ है।

जानकारी

तीन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पहले ही लौट चुके हैं स्वदेश

भारत में कोरोना से बिगड़ते हालातों के बीच ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू टाई, एडम जैम्पा और केन रिचर्डसन लीग के बीच से ही वापस अपने देश लौट चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने निजी कारणों का हवाला देते हुए IPL 2021 से अपना नाम वापस लिया था।