Page Loader
इतिहास में पहली बार भारत ने अफ्रीका को टेस्ट सीरीज़ में किया क्लीन स्वीप, जानें रिकॉर्ड्स

इतिहास में पहली बार भारत ने अफ्रीका को टेस्ट सीरीज़ में किया क्लीन स्वीप, जानें रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Oct 22, 2019
10:48 am

क्या है खबर?

रांची में खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पारी और 202 रनों से हराते हुए क्लीन स्वीप पूरा कर लिया है। भारत ने अपनी पहली पारी रोहित शर्मा (212) और अजिंक्या रहाणे (115) की बदौलत 497 के स्कोर पर घोषित की थी। दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में 162 के स्कोर पर सिमट गई और फिर फॉलो-ऑन खेलते हुए भी वे 133 पर ऑल आउट हो गए। जानें मैच में बनने वाले रिकॉर्ड्स।

जानकारी

84 साल बाद पारी से लगातार दो टेस्ट हारी अफ्रीका

अफ्रीका ने 1935-36 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर में लगातार तीन टेस्ट मैच पारी से गंवाए थे। उसके बाद पहली बार अफ्रीका को लगातार दो टेस्ट में पारी से हार झेलनी पड़ी है।

सबसे बड़ी जीत

भारत ने हासिल की अफ्रीका पर अपनी सबसे बड़ी जीत

भारत ने अफ्रीका के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली है और यह केवल तीसरा मौका है जब भारत ने अफ्रीका को पारी से हराया है। इससे पहले भारत की अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी जीत पारी और 137 रनों की थी जो इसी सीरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच में आई थी। यह दोनों टीमों के बीच खेले गए टेस्ट मैचों में किसी भी टीम द्वारा हासिल की गई सबसे बड़ी जीत भी है।

जानकारी

टेस्ट में सबसे तेज 50 छक्के पूरे करने वालेे भारतीय बने रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी 51वीं पारी में 50 छक्के पूरे किए और वह टेस्ट में सबसे तेज 50 छक्के पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। रोहित से पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी (78 पारी) के नाम था।

जानकारी

रोहित बने मैन ऑफ द मैच और सीरीज़

तीसरे टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा पूरे सीरीज़ में अदभुत प्रदर्शन करने वाले रोहित को मैन ऑफ द सीरीज़ भी चुना गया।

रन

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बने रोहित

रोहित ने इस सीरीज़ में अपने तीसरे शतक के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। रोहित अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट की एक सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं। इस सीरीज़ में रोहित ने चार पारियों में 529 ज्यादा रन बनाए। इस मामले में रोहित ने मोहम्मद अज़हरुद्दीन (388), वीरेंद्र सहवाग (372), मयंक अग्रवाल (340*) और सचिन तेंदुलकर (326) को पीछे छोड़ दिया है।

जानकारी

अफ्रीका के खिलाफ सबसे सफल भारतीय कप्तान हैं कोहली

कोहली के अंडर भारतीय टीम ने अफ्रीका के खिलाफ 10 में से सात टेस्ट मैच जीते हैं। अन्य सभी भारतीय कप्तानों ने मिलकर अफ्रीका के खिलाफ 29 में से केवल सात टेस्ट मैच जीते हैं।

अफ्रीकी ओपनर्स

अफ्रीकी ओपनर्स ने अपने नाम किया अनचाहा रिकॉर्ड

पूरे सीरीज़ के दौरान अफ्रीका की ओपनिंग जोड़ी बुरी तरह फ्लॉप रही और उन्होंने अपने नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड किया। अफ्रीका की ओपनिंग जोड़ी पूरे सीरीज़ में केवल एक ही बार दहाई का आंकड़ा पार कर सकी और छह पारियों में उनके आंकड़े 14, 4, 2, 0, 4, 5 के रहे। 4.83 की यह औसत अफ्रीका के लिए किसी भी टेस्ट सीरीज़ की कम से कम पांच पारियों में सबसे खराब ओपनिंग औसत है।

जानकारी

2019 में सबसे ज़्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने वाले भारतीय बने शमी

मोहम्मद शमी 2019 में भारत के लिए सबसे ज़्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। शमी 2019 में भारत के लिए वनडे और टेस्ट दोनों में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

क्लीन स्वीप

कोहली बने सबसे ज़्यादा क्लीन स्वीप करने वाले भारतीय कप्तान

विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2016/17 में श्रीलंका को 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इसके बाद न्यूजीलैंड को 2017 में 3-0 से हराया और अब दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से हराने के बाद कोहली टेस्ट में सबसे ज़्यादाा क्लीन स्वीप करने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। इससे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन के नाम सबसे ज़्यादा दो क्लीन स्वीप का रिकॉर्ड था।

जानकारी

2006 के बाद पहली बार क्लीन स्वीप हुई अफ्रीका

2006 के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट में क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी है। विराट कोहली अफ्रीका को क्लीन स्वीप करने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं।