Page Loader
पहले वनडे में भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दर्ज की दमदार जीत

पहले वनडे में भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Jul 18, 2021
10:09 pm

क्या है खबर?

कोलंबो में खेले गए पहले वनडे में भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने चमिका करुणारत्ने (43*) की बदौलत 262/9 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारत ने शिखर धवन (86*) की बदौलत आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला और इसमें क्या रिकॉर्ड्स बने।

लेखा-जोखा

इस तरह भारत ने हासिल की जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए 117/4 के स्कोर के बाद श्रीलंका ने चमिका करुणारत्ने (43*) की बदौलत 262/9 का स्कोर खड़ा किया था। स्कोर का पीछा करते हुए पृथ्वी शॉ (24 गेंद 43 रन) ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। ईशान किशन (59) ने डेब्यू वनडे में अर्धशतक लगाया। कप्तान धवन (86*) और वनडे डेब्यू कर रहे सूर्यकुमार यादव (31*) ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को आसानी से जीत दिलाई।

ईशान किशन

डेब्यू वनडे में किशन ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अपने डेब्यू वनडे में धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे दोनों फॉर्मेट में डेब्यू मैच में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। किशन ने 42 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली। किशन ने अपने जन्मदिन के दिन वनडे डेब्यू किया है। गुरसरन सिंह (1990) के बाद वह जन्मदिन पर वनडे डेब्यू करने वाले केवल दूसरे भारतीय क्रिकेटर हैं।

जानकारी

सबसे अधिक उम्र में वनडे कप्तानी डेब्यू करने वाले भारतीय बने धवन

धवन पहली बार भारत की कप्तानी कर रहे हैं। वह (35 साल और 225 दिन) भारत के लिए सबसे अधिक उम्र में वनडे कप्तानी डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहिंदर अमरनाथ (34 साल और 37 दिन) के नाम था।

स्कोर

बिना किसी व्यक्तिगत अर्धशतक के श्रीलंका ने बनाया अपना सर्वोच्च वनडे स्कोर

श्रीलंका के लिए कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी अपनी पारी को बड़ी नहीं कर सका। नौवें नंबर के बल्लेबाज चमिका करुणारत्ने (43*) टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। बिना किसी बल्लेबाज द्वारा अर्धशतक लगाए यह श्रीलंका का वनडे में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2006 में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ जयपुर में 253 रनों का स्कोर खड़ा किया था।

शिखर धवन

दूसरे सबसे तेज 6,000 वनडे रन बनाने वाले भारतीय बने धवन

धवन ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और इस दौरान वनडे क्रिकेट में अपने 6,000 रन भी पूरे किए। धवन ने यह उपलब्धि 140 पारियों में हासिल की है और दूसरे सबसे तेज ऐसा करने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली (147 पारी) को पीछे छोड़ दिया है। धवन वनडे में विश्व के चौथे सबसे तेज 6,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

जानकारी

कप्तान के तौर पर धवन ने हासिल की ये उपलब्धि

धवन ने कप्तान के तौर पर पहली वनडे पारी में नाबाद 86 रन बनाए। भारत के कप्तान के तौर पर पहले वनडे मैच में यह किसी भारतीय का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। सचिन तेंदुलकर (110) के नाम सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड है।

अन्य रिकॉर्ड्स

मैच में बनने वाले अन्य रिकॉर्ड्स

भारत ने पावरप्ले में 91/1 का स्कोर बनाया जो 2013 के बाद उनका सर्वोच्च पावरप्ले स्कोर है। श्रीलंका में यह भारत की लगातार नौवीं वनडे जीत है। एक ही विपक्षी के खिलाफ भारत संयुक्त रूप से सबसे अधिक वनडे जीतने वाली टीम बन गई है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 92वीं वनडे जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को और पाकिस्तान ने श्रीलंका को 92 वनडे में हराया है।