Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड, दूसरा टी-20: भारत ने 7 विकेट से जीता मैच, बने ये रिकॉर्ड्स
राहुल ने लगाया शानदार अर्धशतक

भारत बनाम न्यूजीलैंड, दूसरा टी-20: भारत ने 7 विकेट से जीता मैच, बने ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Nov 19, 2021
10:49 pm

क्या है खबर?

रांची में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स (34) की बदौलत 153/6 का स्कोर बनाया था। भारत ने केएल राहुल (67) की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।

लेखा-जोखा

इस तरह भारत को मिली जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में 64/1 का स्कोर बनाया था। अंतिम 10 ओवर्स में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए कीवी टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। डेब्यू कर रहे हर्षल पटेल (2/25) ने भारत के लिए बेहतरीन गेंदबाजी की। स्कोर का पीछा करते हुए रोहित शर्मा (55) और राहुल (65) ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउथी ने तीन विकेट हासिल किए।

मार्टिन गुप्टिल

सबसे अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज बने गुप्टिल

कीवी ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने मैच के पहले ओवर में ही 14 रन बनाकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने 15 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। इस पारी के दौरान गुप्टिल सबसे अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। गुप्टिल (3,248) ने विराट कोहली (3,227) को सर्वाधिक रनों के मामले में पीछे छोड़ा है।

जानकारी

भुवनेश्वर के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

भारत के लिए पारी का पहला ओवर फेंकने आए भुवनेश्वर कुमार ने 14 रन खर्च किए थे। भारत में खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह पहले ओवर में किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा खर्च किए गए सबसे अधिक रन हैं।

रोहित शर्मा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 450 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने रोहित

पहले मैच में 48 रनों की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा ने इस मैच में भी रन बनाए। अपनी पारी में पहला छक्का लगाते ही रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 450 छक्के भी पूरे किए थे। वह ऐसा करने वाले केवल तीसरे बल्लेबाज बने हैं। रोहित ने 404 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की है। वह शाहिद अफरीदी (487 पारी) को पछाड़कर सबसे तेज 450 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं।

रिकॉर्ड्स

रोहित और राहुल ने बनाए ये साझेदारी रिकॉर्ड्स

रोहित और राहुल के बीच पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई। दोनों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह पांचवी शतकीय साझेदारी है। अब ये संयुक्त रूप से सबसे अधिक बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गए हैं। पिछली पांच पारियों में इन दोनों ने तीन अर्धशतकीय और दो शतकीय साझेदारी की हैं। ये लगातार पांच पारियों में 50 से अधिक रनों की साझेदारी करने वाले पहली भारतीय जोड़ी बने हैं।