Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड, चौथा टी-20: भारत ने मैच जीतकर सीरीज में बराबरी की, बने ये रिकार्ड्स

भारत बनाम इंग्लैंड, चौथा टी-20: भारत ने मैच जीतकर सीरीज में बराबरी की, बने ये रिकार्ड्स

Mar 18, 2021
11:17 pm

क्या है खबर?

गुरुवार को खेले गए चौथे टी-20 मैच में भारत ने इंग्लैंड को आठ रनों से हराकर सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सूर्यकुमार यादव के पहले अर्धशतक की मदद से 185/8 का स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम आठ विकेट खोकर 177 रन ही बना सकी। आइए जानते हैं कैसा रहा मैच और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा मुकाबला

भारत ने शुरुआती छह ओवरों में 45 रन बटोरकर सधी हुई शुरुआत की। अपना दूसरा टी-20 खेल रहे सूर्यकुमार (57) ने शानदार बल्लेबाजी की। उनके अलावा श्रेयस अय्यर (37) और ऋषभ पंत (30) ने भी उपयोगी योगदान दिया और भारत ने जीत के लिए 186 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स (46) और जेसन रॉय (40) की बदौलत संघर्ष दिखाया लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए।

सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार ने लगाया अर्धशतक, बनाए ये रिकार्ड्स

अपने दूसरे टी-20 में सूर्यकुमार को बल्लेबाजी का मौका मिला, जिसमें उन्होंने प्रभावित किया। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाया और ऐसा करने वाले (टेस्ट खेलने वाले देशों में साल 2002 के बाद से) विश्व के सिर्फ पांचवे क्रिकेटर बने। सूर्या ने 31 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। वह अपनी पहली टी-20 पारी में अर्धशतक लगाने वाले सिर्फ पांचवे भारतीय खिलाड़ी बने हैं।

कीर्तिमान

रोहित शर्मा ने पूरे किए 9,000 टी-20 रन

रोहित शर्मा ने 12 गेंदों में 1 छक्के की मदद से 12 रन ही बनाए। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने हैं। इस दौरान उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 9,000 रनों का आंकड़ा पार किया और ऐसा करने वाले कोहली के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। रोहित के अब 342 टी-20 मैचों में 133.3 के स्ट्राइक रेट से 9,001 रन हो गए हैं। इस बीच उन्होंने छह शतक और 63 अर्धशतक लगाए हैं।

जानकारी

रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पूरे किए 2,800 रन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित ने 32.18 की औसत से 2,800 रन बना लिए हैं। उल्लेखनीय रूप से, वह विराट कोहली और मार्टिन गुप्टिल के बाद 2800 रनों के आंकड़े को छूने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं।

रिकार्ड्स

मैच में बने अन्य रिकार्ड्स

विराट कोहली सिर्फ एक रन बनाकर आदिल राशिद की गेंद पर स्टम्प आउट हुए। वह अपने टी-20 करियर में पहली बार स्टम्प हुए हैं। रोहित शर्मा ने पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया और वह भारत की ओर से ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। जेसन रॉय ने 27 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली और इस दौरान अपने 42वें मैच में टी-20 करियर में 1,000 रन पूरे किए हैं।