Loading...
ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए दौड़ में हैं भारत समेत 7 देश, IOC का खुलासा
ओलंपिक 2036 भारत में हो सकता है (फाइल तस्वीर)

ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए दौड़ में हैं भारत समेत 7 देश, IOC का खुलासा

Oct 06, 2026
05:58 pm

क्या है खबर?

भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दौड़ में शामिल 7 देशों में बना हुआ है। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) ने मंगलवार को मेजबान चुनने की नई प्रक्रिया की जानकारी दी। जर्मनी, हंगरी, भारत, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये फिलहाल IOC के साथ मेजबानी को लेकर लगातार बातचीत के दौर में हैं। इन सभी देशों को नवंबर में IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपने प्रस्ताव और योजनाएं पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

मेजबानी

अहमदाबाद को संभावित मेजबान शहर चुना गया है

2028 ओलंपिक खेलों की मेजबानी लॉस एंजिल्स करेगा, जबकि 2032 के खेल ब्रिस्बेन में आयोजित होंगे।

अब भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी के प्रयास को लेकर स्थिति कुछ स्पष्ट हुई है। अहमदाबाद को संभावित मेजबान शहर के तौर पर चुना गया है।

भारत ने 2024 में खेलों की मेजबानी के लिए आधिकारिक तौर पर अपनी रुचि जताई थी। हालांकि, IOC अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री के पद संभालने और प्रक्रिया की समीक्षा शुरू करने के बाद चयन प्रक्रिया रोक दी गई।

IOC

आगे की प्रक्रिया की जानकारी जारी की गई 

IOC ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी चुनने के लिए आगे की प्रक्रिया की जानकारी जारी कर दी है।

इसके तहत मेजबानी की दावेदारी पेश करने वाले देशों की योजनाओं और तैयारियों का अलग-अलग स्तर पर आकलन किया जाएगा।

इसके बाद IOC और संबंधित देशों के बीच चर्चा होगी। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद IOC के सदस्य मतदान के जरिए 2036 ओलंपिक के लिए मेजबान देश का चयन करेंगे।

ADVERTISEMENT

प्रक्रिया

इस प्रक्रिया के तहत होगा चुनाव 

पहली समयसीमा 31 अक्टूबर है। इसके बाद 2036 ओलंपिक की मेजबानी में रुचि रखने वाले किसी नए पक्ष पर विचार नहीं किया जाएगा।

मौजूदा 7 देश नवंबर में फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने ऑनलाइन अपनी योजनाएं पेश करेंगे।

इसके बाद IOC इन योजनाओं की व्यवहारिकता का आकलन करेगा। IOC के कार्यकारी बोर्ड के मार्च 2027 तक रणनीतिक बातचीत का चरण शुरू करने की उम्मीद है। इसमें शुरुआती आकलन में आगे बढ़ने वाली दावेदारियों की ज्यादा गहराई से जांच की जाएगी।

ADVERTISEMENT

जानकारी

2029 में होगी घोषणा 

दिसंबर 2028 में IOC पसंदीदा मेजबानों को विस्तार से बातचीत के लिए आमंत्रित करने की योजना बना रहा है। 2036 ओलंपिक के मेजबान शहर का चुनाव IOC सदस्यों द्वारा 2029 के मध्य में किए जाने की उम्मीद है।

भारत

ऐसे किया जाएगा आकलन

भारत के लिए अगले चरण में यह साबित करना जरूरी होगा कि ओलंपिक की उसकी प्रस्तावित योजना आर्थिक रूप से मजबूत और तकनीकी तौर पर सक्षम है।

IOC के मुताबिक, कई तकनीकी पहलुओं पर आकलन किया जाएगा।

इसमें खेल स्थलों की योजना, खिलाड़ियों का अनुभव, धन जुटाने की रणनीति, राजनीतिक और जनता का समर्थन, खेलों के आयोजन की क्षमता और मेजबान समुदायों के लिए लंबे समय तक रहने वाली विरासत की योजना शामिल होगी।

सोच

खिलाड़ियों के अनुभव को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा 

दावेदार देशों की ओलंपिक की पूरी योजना और उनकी सोच का भी आकलन किया जाएगा।

इसमें यह देखा जाएगा कि उनकी योजना स्थानीय विकास की जरूरतों और ओलंपिक आंदोलन के बड़े लक्ष्यों के साथ कितनी मेल खाती है।

5 बार ओलंपिक में हिस्सा ले चुकीं कोवेंट्री ने साफ किया कि इस पूरी प्रक्रिया में खिलाड़ियों के अनुभव को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक की मेजबानी के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव देना अहम प्राथमिकता रहेगी।

ADVERTISEMENT