Page Loader
ईशान किशन वनडे क्रिकेट में 44 से ज्यादा की औसत से बना रहे रन, जानिए आंकड़े 
ईशान किशन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

ईशान किशन वनडे क्रिकेट में 44 से ज्यादा की औसत से बना रहे रन, जानिए आंकड़े 

Jul 30, 2023
07:22 pm

क्या है खबर?

साल 2023 में वनडे विश्व कप का खेला जाना है और इसी साल भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सड़क हादसे का शिकार हो गए। वह कब तक टीम का हिस्सा बन पाएंगे, अभी तक तय नहीं हो पाया है। ऐसे में उनकी जगह ईशान किशन को आजमाया जा रहा है। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में उन्होंने लगातार 2 अर्धशतक लगाए हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

वनडे

वनडे क्रिकेट में लगातार रन बना रहे ईशान किशन 

ईशान ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2021 में श्रीलंका क्रिकेट टीम खिलाफ खेला था। अब तक वह भारत के लिए 16 वनडे मैच खेल चुके हैं। इसकी 15 पारियों में उन्होंने 44.07 की शानदार औसत और 106.01 की स्ट्राइक रेट से 617 रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार दोहरा शतक (210) भी लगाया था। उन्होंने इसके साथ ही 1 शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए हैं।

वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी है शानदार फॉर्म 

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हांलाकि, ईशान का बल्ला दोनों मुकाबलों में चला है। पहले वनडे मैच में ईशान ने 46 गेंद में 52 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया था। उनकी स्ट्राइक रेट 113.04 की रही। दूसरे वनडे में उन्होंने 55 गेंद का सामना किया और 55 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया।

लिस्ट-A

लिस्ट-A क्रिकेट में कैसे हैं ईशान के आंकड़े?

लिस्ट-A क्रिकेट की बात करें तो ईशान ने अब तक 93 मुकाबले खेले हैं। इसकी 89 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 38.14 की औसत से 3,166 रन बनाए हैं। उन्होंने 210 रन के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 5 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 94.22 की रही है। लिस्ट-A क्रिकेट में उन्होंने 94 कैच लपके हैं और 11 स्टंप आउट भी किए हैं।

विश्व कप

क्या विश्व कप में पंत के विकल्प होंगे ईशान?

ईशान और पंत की बल्लेबाजी शैली काफी हद तक समान है। दोनों ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और स्पिन गेंदबाजों को अच्छा खेलना जानते हैं। इस बार वनडे विश्व कप भारत में खेला जाना है। यहां स्पिन हो रही पिच पर ईशान खतरनाक साबित हो सकते हैं। ऐसे में अगर विश्व कप तक पंत भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बनते हैं तो ईशान को उनकी जगह मौका मिल सकता है।