LOADING...
ऑस्ट्रेलिया बनाम अफगानिस्तान: ग्लेन मैक्सवेल ने जमाया 10वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक
मैक्सवेल ने अपने टी-20 करियर का 10वां अर्धशतक 29 गेंदों में पूरा किया।(तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

ऑस्ट्रेलिया बनाम अफगानिस्तान: ग्लेन मैक्सवेल ने जमाया 10वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक

Nov 04, 2022
03:23 pm

क्या है खबर?

ग्लेन मैक्सवेल ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2022 के 38वें मुकाबले में शुक्रवार को अर्धशतक जमा दिया। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां अर्धशतक रहा। एक के बाद एक लगातार झटके लगने के बाद टीम संकट में दिखाई दे रही थी, ऐसे समय में मैक्सवेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए। उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। आइये जानते हैं मैक्सवेल की पारी और टी-20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के बारे में।

पारी और साझेदारी

ऐसी रही मैक्सवेल की पारी

इस पारी में मैक्सवेल ने 168.75 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने छह चौके और दो छक्के जमाए। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए मार्कस स्टोइनिस के साथ 29 गेंदों में महत्वपूर्ण 53 रनों की साझेदारी की। इस पारी के दौरान ही मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सर्वाधिक छक्के (106) मारने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने डेविड वार्नर (105) को पीछे छोड़ा।

आंकड़े

ऐसा रहा है मैक्सवेल का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

34 साल के मैक्सवेल ने अब तक अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 98 मैच खेले हैं। 90 पारियों में उन्होंने 28.40 की औसत के साथ 2,159 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 145* रनों का है। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस फॉर्मेट में 150.97 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करने वाले मैक्सवेल ने 176 चौके और 106 छक्के भी जमाए हैं। वे इस फॉर्मेट में अपने देश के लिए तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

Advertisement

विश्व कप

विश्व कप मैचों में कैसा रहा है मैक्सवेल का प्रदर्शन?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए विश्व कप अभियान में मैक्सवेल काफी अहम खिलाड़ी हैं। अब तक उन्होंने 2012 से लेकर 2022 तक 24 विश्व कप मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 446 रन बनाए हैं और नौ विकेट भी लिए हैं। 74 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने इस मंच पर दो अर्धशतक भी जमाए हैं। विश्व कप मैचों में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी विश्लेषण 2/14 रहा है, इस दौरान उन्होंने 15 कैच भी लिए हैं।

Advertisement