LOADING...
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज जुबेर हमजा पर ICC ने लगाया बैन, डोपिंग में पाए गए थे पॉजिटिव
तस्वीर- Twitter/@Zuby_Hamza

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज जुबेर हमजा पर ICC ने लगाया बैन, डोपिंग में पाए गए थे पॉजिटिव

लेखन Neeraj Pandey
May 17, 2022
08:29 pm

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज जुबेर हमजा पर नौ महीनों का बैन लगाया है। हमजा पर यह बैन डोपिंग के नियमों को तोड़ने के कारण लगाया गया है। उन्हें प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के कारण बैन किया गया है। इसी साल जनवरी में हमजा का टेस्ट किया गया था और उसमें उन्हें पॉजिटिव पाया गया था। हमजा ने फिर मार्च में इस बात को स्वीकार कर लिया था।

प्रतिबंधित पदार्थ

हमजा को पाया गया इस प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी

ICC द्वारा बनाए गए एंटी डोपिंग कोड के नियमों को तोड़ने के कारण हमजा को नौ महीनों तक क्रिकेट से जुड़ी हर गतिविधि के लिए बैन किया गया है। हमजा के सैंपल में Furosemide पाया गया था जिसे WADA ने प्रतिबंधित किया है। हमजा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली थी और उन्होंने अपने बचाव में कोई प्रतिक्रिया नहीं देने का फैसला लिया था जिसके बाद उन पर नौ महीनों का बैन लगाया गया है।

बैन की अवधि

22 मार्च से ही शुरु माना जाएगा हमजा का बैन

हमजा पर लगाए गए नौ महीने के बैन को 22 मार्च, 2022 से ही जोड़ा जाएगा क्योंकि इसी दिन उन्होंने शुरुआती बैन को स्वीकार किया था। अब वह 22 दिसंबर, 2022 को दोबारा क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर सकेंगे। बैन लगने के अलावा हमजा को एक और झटका लगा है। 17 जनवरी से 22 मार्च, 2022 के बीच किए गए उनके सभी व्यक्तिगत प्रदर्शनों को भी अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

Advertisement

बयान

ICC के पास है डोपिंग के लिए जीरो टॉलरेंस पॉलिशी- जनरल मैनेजर

ICC के जनरल मैनेजर एलेक्स मार्शल ने कहा कि ICC क्रिकेट को साफ रखना चाहती है। उन्होंने आगे कहा, "यह सभी इंटरनेशनल क्रिकेटर्स के लिए एक चेतावनी है कि वे इस बात के जिम्मेदार हैं कि वे अपने शरीर में क्या डाल रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि वे क्या दवाई ले रहे हैं ताकि वे सुनिश्चित कर सकें कि वे अपने शरीर में कोई प्रतिबंधित चीज नहीं डाल रहे हैं।"

Advertisement

करियर

ऐसा रहा है हमजा का करियर

26 वर्षीय हमजा ने 2019 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक दक्षिण अफ्रीका के लिए छह टेस्ट मैचों में 212 रन बनाए हैं। टेस्ट में उन्होंने 62 के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक अर्धशतक लगाया है। इसके अलावा उन्होंने एक वनडे मैच भी खेला है जिसमें उन्होंने 56 रनों की पारी खेली थी। हमजा ने 78 फर्स्ट-क्लास मैचों में 5,271 रन बनाए हैं जिसमें 13 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं।

Advertisement