
IPL में अब तक कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन? जानें आंकड़े
क्या है खबर?
मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में प्रदर्शन शानदार रहा है। ओपनिंग बल्लेबाज रोहित ने 2008 से 2010 तक डेक्कन चार्जर्स के लिए खेला था।
वह मुंबई इंडियंस के साथ पांच और कुल सबसे अधिक छह बार IPL का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी हैं। IPL में रोहित के नाम कई शानदार रिकॉर्डस हैं।
आइए जानते हैं अब तक इस लीग में कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।
करियर
ऐसा रहा है रोहित का IPL करियर
रोहित IPL में चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अब तक उन्होंने 200 मैचों में 31.31 की औसत के साथ 5,230 रन बनाए हैं। उन्होंने लीग में अब तक एक शतक और 39 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 109 का है।
महेन्द्र सिंह धोनी के अलावा वह लीग में 200 मैच खेलने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी हैं। पिछले सीजन उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी।
सफल कप्तान
खिताब जीतने के मामले में सबसे सफल कप्तान हैं रोहित
रोहित ने अब तक MI को पांच बार खिताब जिताया है। उनकी कप्तानी में MI ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता है। यह किसी टीम द्वारा जीते गए सबसे अधिक IPL खिताब हैं।
2009 में डेक्कन चार्जर्स के साथ भी रोहित ने खिताब जीता था। वह इस सीजन लगातार तीन बार खिताब जीतने वाला पहला कप्तान बनने के लिए पूरा जोर लगाने की तैयारी में होंगे।
उपलब्धि
IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान बन सकते हैं रोहित
कप्तान के तौर पर रोहित ने 68 IPL मैच जीते हैं। छह खिताब जीत चुके रोहित यदि सात मैच जीतते हैं तो धोनी (110) के बाद 75 मैच जीतने वाले केवल दूसरे कप्तान बन जाएंगे।
IPL इतिहास में दूसरा सबसे सफल कप्तान बनने के लिए भी उन्हें केवल चार जीत की जरूरत है। यदि वह ऐसा कर लेते हैं तो 71 जीत हासिल करने वाले गौतम गंभीर से आगे निकल सकते हैं।
प्रदर्शन
MI के लिए ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन
रोहित ने डेक्कन चार्जर्स के लिए 1,170 रन बनाए हैं। उन्होंने यह रन तीन सीजन में खेले 45 मैचों में बनाए हैं। 76 नाबाद के बेस्ट स्कोर के साथ रोहित ने आठ अर्धशतक लगाए हैं। वह डेक्कन के लिए दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
उन्होंने MI के लिए सबसे अधिक 4,060 रन बनाए हैं। MI के लिए रोहित ने एक शतक और 31 अर्धशतक लगाए हैं।