IPL: कप्तान के तौर पर कितने सफल रहे हैं रोहित? जानें आंकड़े
मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में प्रदर्शन शानदार रहा है। ओपनिंग बल्लेबाज रोहित ने 2008 से 2010 तक डेक्कन चार्जर्स के लिए खेला था। वह मुंबई इंडियंस के साथ पांच और कुल सबसे अधिक छह बार IPL का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी हैं। IPL में रोहित के नाम कई शानदार रिकॉर्डस हैं। आइए जानते हैं अब तक इस लीग में कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।
ऐसा रहा है रोहित का IPL करियर
रोहित IPL में चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अब तक उन्होंने 207 मैचों में 31.49 की औसत के साथ 5,480 रन बनाए हैं। उन्होंने लीग में अब तक एक शतक और 40 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 109 का है। वह लीग में दूसरे सबसे अधिक (207) मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। पिछले सीजन वह 200 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बने थे। अब तक चार खिलाड़ियों ने 200 मैच पूरे किए हैं।
खिताब जीतने के मामले में सबसे सफल कप्तान हैं रोहित
रोहित ने अब तक MI को पांच बार खिताब जिताया है। उनकी कप्तानी में MI ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता है। यह किसी टीम द्वारा जीते गए सबसे अधिक IPL खिताब हैं। 2009 में डेक्कन चार्जर्स के साथ भी रोहित ने खिताब जीता था। वह इस सीजन लगातार तीन बार खिताब जीतने वाला पहला कप्तान बनने के लिए पूरा जोर लगाने की तैयारी में हैं।
IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं रोहित
कप्तान के तौर पर रोहित ने 123 में से 74 IPL मैच जीते हैं। छह खिताब जीत चुके रोहित एक और मैच जीतते ही धोनी (110) के बाद 75 मैच जीतने वाले केवल दूसरे कप्तान बन जाएंगे। फिलहाल रोहित IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। यदि जीत प्रतिशत की बात करें तो रोहित (60.16) फिलहाल सबसे अधिक जीत प्रतिशत रखने वाले कप्तान हैं। 2020 सीजन के पहले तक यह रिकॉर्ड धोनी के नाम था।
MI के लिए ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन
रोहित ने डेक्कन चार्जर्स के लिए 1,170 रन बनाए हैं। उन्होंने यह रन तीन सीजन में खेले 45 मैचों में बनाए हैं। 76 नाबाद के बेस्ट स्कोर के साथ रोहित ने आठ अर्धशतक लगाए हैं। वह डेक्कन के लिए दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने MI के लिए सबसे अधिक 4,310 रन बनाए हैं। MI के लिए रोहित ने एक शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं।
इस खबर को शेयर करें