Page Loader
IPL: बैंगलोर के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?
RCB के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन

IPL: बैंगलोर के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?

लेखन Neeraj Pandey
Sep 26, 2021
11:47 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के दूसरे चरण का पहला मुकाबला मिस करने के बाद मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा ने अच्छी पारी के साथ वापसी की थी। फिलहाल MI टॉप-4 से बाहर है और वापस इसमें आने के लिए उन्हें अपने कप्तान से अच्छी पारियों की दरकार है। आज रात MI का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से होने वाला है। आइए जानते हैं RCB के खिलाफ कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।

प्रदर्शन

RCB के खिलाफ ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन

रोहित RCB के खिलाफ तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम के खिलाफ 28 मैचों में 28.64 की औसत के साथ 716 रन बनाए हैं। RCB के खिलाफ रोहित ने अब तक चार अर्धशतक लगाए हैं जिसमें 94 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। रोहित RCB के खिलाफ 63 चौके और 32 छक्के लगा चुके हैं। उनका स्ट्राइक-रेट 136.38 का रहा है।

मुख्य गेंदबाज

RCB के मुख्य गेंदबाजों के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन

RCB के मुख्य स्पिनर युजवेंद्र चहल के खिलाफ रोहित खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर पाए हैं। रोहित ने चहल के खिलाफ 33 गेंदों में 36 रन बनाए हैं और एक बार उनका शिकार भी हो चुके हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अब तक एक भी बार रोहित का विकेट नहीं ले सके हैं। सिराज के खिलाफ रोहित ने 31 गेंदों में 45 रन बनाए हैं। नवदीप सैनी के खिलाफ भी रोहित ने 19 गेंदों में 33 रन बनाए हैं।

स्पिन और तेज गेंदबाज

स्पिन और तेज गेंदबाजों के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन

रोहित ने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ 111.90 की स्ट्राइक-रेट के साथ 1,955 रन बनाए हैं। स्पिनर्स के खिलाफ 67 छक्के और 128 चौके लगाने वाले रोहित 58 बार अपना विकेट भी गंवा चुके हैं। तेज गेंदबाजों के खिलाफ रोहित 143.35 की स्ट्राइक-रेट के साथ 3,558 रन बना चुके हैं जिसमें 352 चौके और 157 छक्के शामिल हैं। तेज गेंदबाजों ने 115 बार रोहित का विकेट भी हासिल किया है।

जानकारी

इस सीजन ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन

रोहित ने इस सीजन आठ मैचों में 35.37 की औसत से अपनी टीम के लिए सबसे अधिक 283 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला है।