Page Loader
IPL: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?

IPL: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?

लेखन Neeraj Pandey
Oct 23, 2020
12:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की चार बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) और तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच मुकाबला खेला जाना है। MI के कप्तान रोहित शर्मा को CSK के खिलाफ बल्लेबाजी करने में काफी मजा आता है। CSK के खिलाफ रोहित ने कप्तान औप बल्लेबाज दोनों के तौर पर कुछ शानदार आंकड़े बनाए हैं। आइए जानते हैं CSK के खिलाफ कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।

सबसे अधिक रन

रोहित ने बनाए हैं CSK के खिलाफ तीसरे सबसे अधिक रन

MI से पहले डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेल चुके रोहित ने CSK के खिलाफ 28 मैचों में 717 रन बनाए हैं। CSK के खिलाफ रोहित का स्ट्राइक रेट 124.91 का और औसत 28.68 का रहा है। गौरतलब है कि रोहित को CSK के खिलाफ 750 रन बनाने वाला तीसरा बल्लेबाज बनने के लिए केवल 33 रनों की जरूरत है। विराट कोहली (837) और शिखर धवन (777) ने CSK के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाए हैं।

सबसे अधिक चौके

रोहित ने लगाए हैं संयुक्त रूप से सबसे अधिक चौके

CSK के खिलाफ रोहित 61 चौके लगा चुके हैं और यह CSK के खिलाफ लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे अधिक चौके हैं। रोहित उन पांच बल्लेबाजों में से एक हैं जिन्होंने CSK के खिलाफ 50 से अधिक चौके लगाए हैं। उन्होंने CSK के खिलाफ पांचवें सबसे अधिक 25 छक्के लगाए हैं। उन्होंने येलो आर्मी के खिलाफ सात अर्धशतक लगाए हैं जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 87 का रहा है।

दीपक चाहर

दीपक चाहर के खिलाफ ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन

अब तक दीपक चाहर की 29 गेंदों में रोहित ने 35 रन बनाए हैं और एक भी बार अपना विकेट नहीं गंवाया है। पावरप्ले में अब तक काफी सटीक गेंदबाजी करने वाले चाहर इस बार रोहित की विकेट लेने की पूरी कोशिश करेंगे। MI के खिलाफ खेले आठ मैचों में चाहर ने नौ विकेट लिए हैं जिसमें 26 रन देकर तीन विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ रहा है।

करियर

ऐसा रहा है रोहित का करियर और इस सीजन का प्रदर्शन

197 मैचों में रोहित ने 31.45 की औसत के साथ 5,158 रन बनाए हैं। उनका करियर स्ट्राइक रेट 130.75 का रहा है। रोहित ने अब तक एक शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने लीग में 453 चौके और 209 छक्के भी लगाए हैं। इस सीजन रोहित ने नौ मैचों में 28.89 की औसत के साथ 260 रन बनाए हैं। उन्होंने इस सीजन 22 चौके और 15 छक्के लगाए हैं।