Page Loader
पैट कमिंस का टी-20 विश्व कप के प्रत्येक संस्करण में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
3 संस्करण में हिस्सा ले चुके हैं पैट कमिंस (तस्वीर: एक्स/@ICC)

पैट कमिंस का टी-20 विश्व कप के प्रत्येक संस्करण में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

May 28, 2024
10:21 am

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को ग्रुप-B में रखा गया है। इस बार कंगारू टीम की कमान मिचेल मार्श संभालते हुए दिखेंगे। अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत 6 जून को ओमान के खिलाफ मैच से करेगा। इसमें ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहने वाली हैं। इस बीच प्रत्येक संस्करण में कमिंस के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

2012

अपने पहले संस्करण में कमिंस ने झटके थे 6 विकेट 

कमिंस ने 2011 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 2012 में पहली बार टी-20 विश्व कप में हिस्सा लिया। वह अपने पहले संस्करण में प्रभावित नहीं कर सके थे। कमिंस ने 6 मैचों में 32.83 की औसत और 8.20 की इकॉनमी रेट के साथ 6 विकेट लिए थे। उस संस्करण में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में उनसे ज्यादा विकेट शेन वॉटसन (11) और मिचेल स्टार्क (10) ने लिए थे।

2021 

2021 में खराब रहा कमिंस का प्रदर्शन 

2021 का टी-20 विश्व कप UAE में खेला गया, जिसमें कमिंस का खराब प्रदर्शन रहा था। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 7 मैचों में 35.40 की औसत और 7.37 की इकॉनमी रेट के साथ 5 विकेट लिए थे। वह 3 मैचों में तो कोई विकेट भी नहीं ले सके थे। विशेष रूप से उस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को हराते हुए अपना पहला खिताब जीता था।

2022

2022 में कैसा रहा था कमिंस का प्रदर्शन?

2022 का टी-20 विश्व कप संस्करण ऑस्ट्रेलिया में ही खेला गया था। घरेलू परिस्थितियों में भी खेलते हुए कमिंस अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। पिछले संस्करण में इस तेज गेंदबाज ने 4 मैचों में 44.00 की औसत और 8.25 की इकॉनमी रेट के साथ 3 विकेट लिए थे। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 1 और आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 विकेट लिए थे। वह न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ कोई विकेट नहीं ले सके थे।

आंकड़े

टी-20 विश्व कप में कमिंस ने लिए हैं कुल 14 विकेट 

टी-20 विश्व कप में कमिंस ने कुल 17 मैच खेले हैं, जिसमें 36.14 की औसत और 7.90 की इकॉनमी रेट के साथ 14 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16 रन देते हुए 2 विकेट लेना रहा है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने अब तक 52 मैच खेले हैं, जिसमें 24.7 की औसत के साथ 57 विकेट लिए हैं। अपने टी-20 क्रिकेट करियर में उन्होंने 146 मैचों में 163 विकेट लिए हैं।

पोल

क्या टी-20 विश्व कप 2024 में कमिंस ऑस्ट्रेलिया से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हो सकते हैं?