Page Loader
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: इस संस्करण में भारतीय क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन?
WTC फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा भारत (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: इस संस्करण में भारतीय क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन?

Mar 14, 2023
01:03 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। अब WTC फाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम से होना है। यह खिताबी मुकाबला 7 जून से ओवल में खेला जाना है। विशेष बात यह है कि भारत ने लगातार दूसरी बार WTC फाइनल में प्रवेश किया है। आइए भारत के WTC 2021-23 के संस्करण में प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

भारतीय टीम 

भारतीय टीम ने जीते 10 टेस्ट 

WTC के इस चक्र में भारत ने कुल 18 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 10 टेस्ट जीते और 5 में हार का सामना किया। इसके अलावा 3 टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। इस अंतराल में भारत को इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका ने 2-2 टेस्ट में हराया। इनके अलावा 1 टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इस अवधि में भारत ने इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-1 टेस्ट ड्रॉ खेले।

अंक तालिका 

अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा भारत 

WTC 2021-23 की अंक तालिका में भारत 58.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इस तालिका में भारत से बेहतर सिर्फ ऑस्ट्रेलिया रहा, जिसके 66.67 प्रतिशत अंक हैं। नियमों के मुताबिक, अंक तालिका की शीर्ष 2 टीमें फाइनल के लिए प्रवेश करती हैं, जिसके चलते भारत और ऑस्ट्रेलिया ने खिताबी मुकाबले के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका (55.56) तीसरे और श्रीलंका (48.48) चौथे स्थान पर है।

बल्लेबाज 

इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन 

इस चक्र में भारत की ओर से भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 16 टेस्ट में 32.85 की औसत से 887 रन बनाए। विराट कोहली ने भी 16 टेस्ट में 32.18 की औसत के साथ 869 रन अपने नाम किए। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने WTC 2021-23 में कुल 10 टेस्ट मैच खेले, जिसमें लगभग 50 की औसत से 700 रन बनाए हैं।

गेंदबाजी 

इन गेंदबाजों ने झटके सर्वाधिक विकेट 

रविचंद्रन अश्विन WTC के इस चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज रहे। उन्होंने 19.67 की औसत के साथ 13 टेस्ट में 61 विकेट लिए। इस समय चोट के चलते टीम से बाहर चल रहे जसप्रीत बुमराह ने मौजूदा चक्र में 19.73 की औसत से 10 टेस्ट में 45 विकेट चटकाए। रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी इस सूची में अन्य भारतीय गेंदबाज रहे, जिन्होंने क्रमशः 43 और 41 विकेट लिए।

जानकारी

जडेजा ने किया एक पारी में सबसे बेहतर प्रदर्शन 

इस चक्र में किसी पारी में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज जडेजा रहे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में 42 रन देकर 7 विकेट लिए। कोहली सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले भारतीय रहे, जिन्होंने अहमदाबाद टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 186 रन बनाए।