LOADING...
डेविड मिलर का टी-20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
भारत के खिलाफ उम्दा रहा है मिलर का प्रदर्शन (तस्वीर: एक्स/@ICC)

डेविड मिलर का टी-20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Nov 04, 2024
12:07 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 8 नवंबर से भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 सीरीज में हिस्सा लेगी। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम के लिए प्रोटियाज टीम से उनके घर पर जीतना आसान नहीं रहने वाला है। अनुभवी डेविड मिलर भी मेजबान टीम का हिस्सा हैं। वह एक बार फिर भारत के खिलाफ कमाल करने का प्रयास करेंगे। इस बीच मिलर के भारत के खिलाफ टी-20 में किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

मिलर

भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं मिलर 

मिलर भारत और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध टी-20 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 21 टी-20 की 18 पारियों में 41.09 की औसत और 156.94 की स्ट्राइक रेट के साथ 452 रन बनाए हैं। इस बीच वह 1 शतक और 2 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैचों में मिलर के अलावा सिर्फ रोहित शर्मा (429 रन, 18 मैच) ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं।

शतक 

भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले 2 दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों में शुमार हैं मिलर 

भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैचों में सिर्फ रोहित शर्मा, सुरेश रैना, सूर्यकुमार, राइली रूसो और मिलर ने शतक लगाए हैं। मिलर ने 2022 में भारत के विरुद्ध 47 गेंदों में नाबाद 106 रन बनाए थे। रूसो ने 2022 में 53 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए थे। रैना ने टी-20 विश्व कप 2010 में 60 गेंदों पर 101 रन बनाए थे। रोहित ने 2015 में 66 गेंदों पर 106 रन और सूर्यकुमार ने 2023 में 100 रन बनाए थे।

करियर 

ऐसा है मिलर का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

मिलर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 2010 में किया था। एक दशक से लम्बे अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 125 मैच खेले, जिसमें 33.38 की औसत और 140.54 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,437 रन बनाए हैं। इस बीच वह 2 शतक और 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका की धरती पर उन्होंने 49 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 32.66 की औसत और 47.87 की स्ट्राइक रेट से 1,078 रन बनाए हैं।

रिकॉर्ड्स 

दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बन सकते हैं मिलर 

मिलर के पास रनों के मामले में क्विंटन डिकॉक (2,584) को पीछे छोड़ने का मौका होगा। उन्हें डिकॉक को पीछे छोड़ने के लिए 189 रन की दरकरार है। वह दक्षिण अफ्रीका की ओर से इस प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके साथ-साथ वह आगामी सीरीज में 48 रन और बनाते ही भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज में 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।