Page Loader
टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल: अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है चेतेश्वर पुजारा का प्रदर्शन?

टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल: अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है चेतेश्वर पुजारा का प्रदर्शन?

लेखन Neeraj Pandey
Jun 14, 2021
04:00 pm

क्या है खबर?

18 जून से साउथहैम्पटन में शुरु हो रही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होने वाला है। मार्च 2021 के बाद अपना पहला टेस्ट खेलने जा रही भारतीय टीम ने ट्रेनिंग भी शुरु कर दी है। भारत की बल्लेबाजी एक बार फिर टॉप आर्डर बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा पर निर्भर करेगी क्योंकि उनके पास विपरीत परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने की तकनीक है। आइए जानते हैं अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है पुजारा का प्रदर्शन।

करियर

ऐसा रहा है पुजारा का टेस्ट करियर

राहुल द्रविड़ के बाद टीम की दीवार माने जाने वाले पुजारा एक दशक से अधिक समय से भारत के लिए खेल रहे हैं। वह अब तक खेले 85 टेस्ट में 46.60 की औसत के साथ 6,244 रन बना चुके हैं। पुजारा ने अब तक 18 शतक और 29 अर्धशतक लगाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में पुजारा तीन दोहरे शतक भी लगा चुके हैं। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में पुजारा ने 52.35 की औसत के साथ 16,229 रन बनाए हैं।

प्रदर्शन

पुजारा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाए हैं 749 रन

टेस्ट क्रिकेट में गौतम गंभीर के साथ पुजारा न्यूजीलैंड के खिलाफ संयुक्त रूप से सातवें सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने नौ टेस्ट में 46.81 की औसत के साथ 749 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ रन बनाने के मामले में वह राहुल द्रविड़ (1,659), सचिन तेंदुलकर (1,595), वीरेन्द्र सहवाग (883), वीवीएस लक्ष्मण (818), मोहम्मद अजहरुद्दीन (796) और विराट कोहली (773) से ही पीछे हैं।

होम और अवे

होम और अवे मैचों में ऐसा रहा है पुजारा का प्रदर्शन

घरेलू परिस्थितियों में पुजारा का न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले पांच मैचों में पुजारा ने 73.62 की औसत के साथ 589 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पुजारा ने दोनों शतक भारत में ही लगाए हैं। पुजारा घर से बाहर अपने रिकॉर्ड को सुधारने की कोशिश करेंगे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अवे मैचों में केवल 20 की औसत से 160 रन बनाए हैं।

जानकारी

पुजारा ने 2019/20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए बनाए थे दूसरे सबसे अधिक रन

न्यूजीलैंड में खेली गई टेस्ट सीरीज में पुजारा भारत के लिए दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने दो मैचों में 100 रन बनाए थे जिसमें एक 50 रनों से अधिक का स्कोर शामिल रहा था।

टॉप गेंदबाज

टॉप कीवी गेंदबाजों के खिलाफ ऐसा रहा है बोल्ट का प्रदर्शन

पुजारा ने ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ 299 गेंदों में 133 रन बनाए हैं। उन्होंने बोल्ट के खिलाफ 233 डॉट गेंदें खेली हैं। बोल्ट ने चार बार पुजारा को अपना शिकार बनाया है। टिम साउथी ने पुजारा को टेस्ट में तीन बार पवेलियन का रास्ता बनाया है। साउथी की 130 गेंदों में पुजारा ने 43 रन बनाए हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ पुजारा ने 107 डॉट गेंदें खेली हैं।