Page Loader
WTC फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
WTC फाइनल में पहुंची है ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

WTC फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Mar 03, 2023
05:04 pm

क्या है खबर?

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने भारतीय क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दूसरे चक्र के फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। इस खिताबी मुकाबले के लिए अभी दूसरी टीम तय नहीं हो पाई है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के WTC 2021-23 के प्रदर्शन पर आंकड़ों के जरिए एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की 9 विकेट से जीत 

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निराश किया और मैथ्यू कुह्नमैन (5/16) की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 109 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने जवाब में उस्मान ख्वाजा के अर्धशतक (60) की मदद से 197 रन बनाए। अनुभवी नाथन लियोन ने अविश्वनीय प्रदर्शन (8/64) करते हुए भारत की दूसरी पारी को 163 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 76 रनों के लक्ष्य को मेहमान टीम ने आसानी से हासिल किया।

ऑस्ट्रेलिया 

WTC में कैसा रहा ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन?

ऑस्ट्रेलिया ने WTC के मौजूदा चक्र में 18 में से 11 मैचों में जीत दर्ज की है। इस बीच उन्हें सिर्फ 3 टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा जबकि 4 टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस समय 68.52 प्रतिशत अंक हैं। वर्तमान चक्र में कंगारू टीम को 2 बार भारतीय टीम ने हराया है जबकि 1 मैच में उन्हें श्रीलंका के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी है।

बल्लेबाजी 

इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सर्वाधिक रन 

ऑस्ट्रेलिया की ओर से WTC 2021-23 में सर्वाधिक रन मार्नस लाबुशेन ने बनाए हैं। उन्होंने 18 टेस्ट में 53.44 की औसत से 1,443 रन बनाए हैं। इस बीच वह 5 शतक और 4 अर्धशतक लगा चुके हैं। उस्मान ख्वाजा ने 15 टेस्ट में 64.90 की औसत से 1,428 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं। इस सूची में स्टीव स्मिथ (1,204) और ट्रेविस हेड (1,086) अन्य बल्लेबाज हैं।

जानकारी

इस चक्र में लाबुशेन और ख्वाजा हैं संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज 

WTC 2021-23 में लाबुशेन और ख्वाजा संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इस चक्र में इनसे ज्यादा शतक सिर्फ इंग्लैंड के जो रूट (8) ने लगाए हैं।

गेंदबाजी 

नाथन लियोन ने लिए हैं सर्वाधिक विकेट 

नाथन लियोन WTC के इस चक्र में विश्व के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। उन्होंने 18 टेस्ट में 26.10 की औसत से 80 विकेट चटका लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 64 रन देकर 8 विकेट लेना रहा है। पैट कमिंस ने 15 टेस्ट में 21.22 की औसत से 53 विकेट ले लिए हैं। मिचेल स्टार्क ने 15 टेस्ट में 25.88 की औसत से 50 विकेट ले लिए हैं।