Page Loader
महिला बिग बैश लीग के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाली बल्लेबाजों पर नजर 
लिजेल ली ने कमाल कर दिया (तस्वीर: एक्स/@ImTanujSingh)

महिला बिग बैश लीग के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाली बल्लेबाजों पर नजर 

Nov 10, 2024
04:49 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज बल्लेबाज लिजेल ली ने महिलाओं की बिग बैश लीग (WBBL) में इतिहास रच दिया है। पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ मुकाबले में होबार्ट हरिकेन्स के लिए खेलते हुए इस बल्लेबाज ने 75 गेंदों में 150 रन जड़ दिए। ली WBBL के इतिहास में पहली बल्लेबाज बनी हैं, जिन्होंने एक पारी में 140 से ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसे में आइए इस लीग में बनाए गए सबसे बड़े स्कोर पर नजर डालते हैं।

#1

लिजेल ली- 150*

ली ने मुकाबले में 75 गेंदों का सामना किया और 150 रन बना दिए। उनके बल्ले से 12 चौके और 12 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 200 की रही। उनकी इस शानदार पारी के ही कारण पूरी टीम 20 ओवर में 203/3 का स्कोर बनाने में कामयाब रही। जवाब में पर्थ की टीम 131 रन पर ही पवेलियन लौट गई। उसे इस मुकाबले में 72 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

#2

ग्रेस हैरिस- 136 रन 

सूची में दूसरे स्थान पर ग्रेस हैरिस हैं। उन्होंने साल 2023 में ब्रिसबेन हीट के लिए खेलते हुए 59 गेंदों में 136 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 11 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 230.50 की थी। उनकी पारी के दम पर ब्रिसबेन की टीम ने 7 विकेट खोकर 229 रन बनाए थे। जवाब में पर्थ की टीम 179/8 का स्कोर ही बना पाई थी। ब्रिसबेन को उस मुकाबले में 50 रन से जीत मिली थी।

#3

स्मृति मंधाना और एश्ले गार्डनर- 114 रन 

इस सूची में तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से स्मृति मंधाना और एश्ले गार्डनर हैं। सिडनी थंडर के लिए साल 2021 में मंधाना ने 64 गेंदों में 114 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 14 चौके और 3 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 178.12 की थी। इस शानदार पारी के बावजूद मंधाना की टीम को 4 रन से हार मिली थी। गार्डनर ने सिडनी सिक्सर्स के लिए साल 2017 में 52 गेंद में 114 रन बनाए थे।

#4

एलिसा हीली- 112* 

एलिसा हीली इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2018 में सिडनी के लिए खेलते हुए 69 गेंदों में 112 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 17 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी शानदार पारी के दम पर सिडनी ने 206/1 का स्कोर बनाया था। जवाब में एडिलेड की टीम 132 रन पर ऑलआउट हो गई थी। सिडनी की टीम को मुकाबले में 74 रनों से जीत मिली थी।