हसन महमूद ने अफगानिस्तान के खिलाफ ली टेस्ट हैट्रिक, ऐसा करने वाले पहले बांग्लादेशी तेज गेंदबाज
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अबू धाबी में खेले गए एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन घातक गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक समेत 5 विकेट अपने नाम किए। वह टेस्ट क्रिकेट इतिहास में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बने हैं। इसी तरह वह आलोक कपाली और सोहाग गाजी के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज हैं। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़े जानते हैं।
हैट्रिक
हसन ने किस तरह पूरी की हैट्रिक?
अफगानिस्तान ने दूसरे दिन का खेल 211/4 के स्कोर पर समाप्त किया था, लेकिन तीसरे दिन सुबह पारी के 83वें ओवर में हसन ने लगातार 3 गेंदों पर विकेट चटकाकर मैच का पासा पलट दिया।
उन्होंने पहली गेंद पर इस्मती आलम (1) को क्लीन बोल्ड किया।
इसके बाद दूसरी गेंद पर कैस अहमद (0) को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया और तीसरी गेंद पर जिया-उर-रहमान (0) को LBW आउट कर अपनी एतिहासिक हैट्रिक पूरी की।
जानकारी
हसन ने DRS के जरिए पूरी की हैट्रिक
तीसर गेंद पर अंपायर ने LBW की अपील ठुकरा दी थी। इसके बाद बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने DRS ले लिया।हॉक-आई तकनीक में गेंद लेग और ऑफ-स्टंप से टकराती नजर आई। इसके बाद अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा।
गेंदबाजी
हसन ने किस तरह पूरा किया 5 विकेट हॉल?
हसन ने मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज सदीकुल्लाह अटल (17) को आउट करते हुए पारी में अपने विकेटों का खाता खोला था।
उसके बाद तीसरे दिन उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पहले हैट्रिक पूरी की और कुछ देर बाद यामीन अहमदजई (0) को भी पवेलियन भेजते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपना चौथा 5 विकेट हॉल पूरा कर लिया।
उन्होंने पारी में 21 ओवर गेंदबाजी करते हुए 5 मेडन के साथ 55 रन खर्च किए।
रिकॉर्ड
हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज
हसन बांग्लादेश के 26 सालों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं और कुल तीसरे खिलाड़ी हैं।
उनसे पहले केवल दो स्पिनरों ने ही हैट्रिक ली थी, जिनमें आलोक कपाली (2003 बनाम पाकिस्तान) और सोहाग गाजी (2013 बनाम न्यूजीलैंड) शामिल हैं।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आलोक कपाली के बाद यानी करीब 23 साल के बाद किसी बांग्लादेशी गेंदबाज द्वारा विदेशी धरती पर ली गई यह पहली टेस्ट हैट्रिक है।
बराबरी
हसन ने की शहादत हुसैन की बराबरी
क्रिकइंफो के अनुसार, हसन का यह टेस्ट क्रिकेट में चौथा 5 विकेट हॉल रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में तेज गेंदबाज शाहदत हुसैन की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी 4 बार 5 विकेट हॉल लिया है।
हुसैन ने पाकिस्तान, भारत, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच-पांच विकेट लिए हैं।
इसी तरह हसन अब बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से 10वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं।
करियर
कैसा रहा है हसन का टेस्ट करियर?
हसन ने साल 2024 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 17 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसकी 29 पारियों में 28.52 की औसत और 3.51 की इकॉनमी से 50 विकेट पूरे कर लिए हैं।
इस दौरान उन्होंने 4 बार 5 विकेट हॉल के साथ एक बार 4 विकेट हॉल भी अपने नाम किया है।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 55 रन देकर 6 विकेट लेने का रहा है।