Page Loader
IPL 2025 से हैरी ब्रूक ने अपना नाम लिया वापस, लग सकता है प्रतिबंध 
IPL 2025 से हटे हैरी ब्रूक (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

IPL 2025 से हैरी ब्रूक ने अपना नाम लिया वापस, लग सकता है प्रतिबंध 

Mar 09, 2025
11:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत 22 मार्च से होनी है। आगामी संस्करण से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हैरी ब्रूक ने अपना नाम वापस लिया है। यह लगातार दूसरा ऐसा संस्करण होने जा रहा है, जिससे इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज ब्रूक पीछे हटे हैं। इस बीच खबर है कि उन पर 2 सालों का प्रतिबंध लग सकता है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

ब्रूक 

ECB ने BCCI को करा दिया था अवगत

क्रिकइंफो के मुताबिक, ब्रूक के हटने के फैसले को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) अधिकारियों ने पिछले सप्ताह BCCI को अवगत करा दिया था और यह बात संबंधित फ्रेंचाइजी DC को बताई गई। बता दें कि ब्रूक को DC ने 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, इस बारे में अब तक BCCI या DC की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसके साथ-साथ ब्रूक के पीछे हटने का कारण भी पता नहीं चला है।

प्रतिबंध

क्यों लग सकता है ब्रूक पर प्रतिबंध?

सितंबर 2024 में फ्रेंचाइजी को लिखे एक नोट में IPL ने कहा था, "कोई भी विदेशी खिलाड़ी जो नीलामी के लिए पंजीकरण करता है और नीलामी में चुने जाने के बाद, सीजन की शुरुआत से पहले खुद को अनुपलब्ध कर देता है, उसे 2 सीजन के लिए IPL नीलामी में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।" इसमें यह स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि चोटिल होने की स्थिति में खिलाड़ी लीग से हट सकते हैं।

IPL 

IPL 2023 में SRH से खेले थे ब्रूक 

IPL 2023 में ब्रूक ने SRH की ओर से 11 मैच खेले, जिसमें 21.11 की औसत और 123.38 की स्ट्राइक रेट से 190 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 1 शतक लगाया था। शतकीय पारी खेलने के अलावा लगातार खराब प्रदर्शन के बीच उन्हें SRH ने 3 मैचों में नहीं मौका नहीं दिया था। उन्होंने IPL 2023 में 23 चौके और 4 छक्के लगाए थे। वह अपनी कीमत (13.25 करोड़ रुपये) के साथ न्याय नहीं कर सके थे।