Page Loader
हरभजन सिंह ने सूर्यकुमार यादव को बताया भारत का एबी डिविलियर्स

हरभजन सिंह ने सूर्यकुमार यादव को बताया भारत का एबी डिविलियर्स

Nov 13, 2020
02:08 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन का खिताब मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने नाम किया। रोहित शर्मा की कप्तानी में MI ने रिकॉर्ड पांचवी बार यह ट्रॉफी जीती है। इस सीजन में टीम की सफलता में सूर्यकुमार यादव ने अहम भूमिका निभाई थी । इस बीच दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह ने सूर्यकुमार को 'भारत का एबी डिविलियर्स' कहा है। आइए जानते हैं हरभजन ने सूर्यकुमार को लेकर क्या प्रतिक्रिया दी है।

बयान

हरभजन ने सूर्यकुमार की की तारीफ में कही ये बातें

हरभजन ने कहा, "उसे रोकना मुश्किल है क्योंकि उसके पास सभी प्रकार के शॉट्स हैं। वह कवर के ऊपर से मारता है, स्वीप भी अच्छा खेलता है, स्पिन और तेज गेंदबाजी भी कमाल की खेलता है। वह भारत का एबी डिविलियर्स है।"

बयान

सूर्यकुमार अब मैच विनर खिलाड़ी हैं- हरभजन

हरभजन सिंह का मानना है कि सूर्यकुमार अब मैच विनर खिलाड़ी बन चुके हैं। MI के पूर्व स्पिनर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, "इसमें कोई संदेह नहीं है कि उन्होंने खुद को गेम-चेंजर से मैच-विजेता के रूप में बदल दिया है। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी क्रम की जिम्मेदारी ली है। ऐसा नहीं है कि वह 100 की स्ट्राइक रेट से खेलता है, अगर आप उसकी बल्लेबाजी देखें तो वह पहली ही बॉल से हिट करने लगता है।"

प्रदर्शन

पिछले तीन IPL सीजन में ऐसा रहा है सूर्यकुमार का प्रदर्शन

सूर्यकुमार यादव ने पिछले तीन IPL सीजन में MI के लिए निरंतर रन बनाए हैं। IPL 2018 में उन्होंने 512 रन बनाए थे और एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे। हालांकि, उनके इस रिकॉर्ड को इस सीजन में ईशान किशन ने तोड़ दिया। IPL 2019 में उन्होंने 424 और IPL 2020 में 480 रन बनाए। इस सीजन में सूर्यकुमार ने 61 चौके लगाए और दूसरे सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले खिलाड़ी बने थे।

डाटा

भारतीय टीम में नहीं चुने गए सूर्यकुमार

पिछले कुछ समय से निरंतर बेहतर प्रदर्शन के बावजूद उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया। जिसके बाद भारतीय चयनकर्ताओं की भी काफी आलोचना हुई। इस बीच हरभजन सिंह ने भी उनके नहीं चुने जाने पर निराशा व्यक्त की थी।

आंकड़े

MI के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं सूर्यकुमार

IPL 2020 में सूर्यकुमार ने 40 की औसत और 145.01 की स्ट्राइक रेट से 480 रन बनाए। उन्होंने इस बार चार अर्धशतक भी लगाए थे। इस सीजन में सूर्यकुमार के स्कोर 19, 51, 36, 12*, 79*, 40, 0, 10, 53, 79*, 27, 10, 0, 47 और 17 रहे। दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं और चोटिल रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में भी टीम की ताकत रहे हैं।

डाटा

मुंबई से 2018 में जुड़े थे सूर्यकुमार

सूर्यकुमार को 2017 के सीजन के बाद KKR ने रिलीज किया था। बाद में MI ने 2018 की नीलामी में उन्हें 3.20 करोड़ रूपये में अपने साथ जोड़ा था। हाल ही में गौतम गंभीर ने इस सौदे को KKR का सबसे बड़ा नुकसान बताया था।