Page Loader
एशियाई खेल, श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान: गुलबदीन नायब ने की टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
गुलबदीन नायब ने लिए 3 विकेट (तस्वीर: एक्स/@GbNaib)

एशियाई खेल, श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान: गुलबदीन नायब ने की टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी

Oct 04, 2023
10:59 am

क्या है खबर?

19वें एशियाई खेल में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 8 रन हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने सिर्फ 116 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंकाई टीम 108 रन पर ढेर हो गई। अफगानिस्तान के कप्तान गुलबदीन नायब ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 7 की इकॉनमी से अपने कोटे के 4 ओवर में 28 रन खर्च कर 3 सफलताएं प्राप्त कीं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

प्रदर्शन

कैस अहमद ने भी लिए 3 विकेट

श्रीलंका की पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर गुलबदीन ने कप्तान सहान अराचिगे का विकेट चटकाया। उन्होंने 6 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 9 रन बनाए। 36 के स्कोर पर उन्होंने दूसरी सफलता प्राप्त की। गुलबदीन ने नुवानिदु फर्नांडो (5) को करीम जानत के हाथों कैच आउट कराया। 18वें ओवर में उन्होंने निमेश विमुक्ति (6) को पवेलियन भेजा। उनके अलावा कैस अहमद ने 3 और शराफुद्दीन अशरफ, जहीर खान, करीम जानत ने 1-1 विकेट लिया।

प्रदर्शन

गुलबदीन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन

32 साल के ऑलराउंडर गुलबदीन ने 14 मार्च, 2012 को नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक खेले 57 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 38 पारियों में 30.88 की औसत और 8.2 की इकॉनमी से 25 विकेट झटके हैं। इसके अलावा 47 पारियों में उन्होंने 617 रन भी बनाए हैं। इस दौरान ऑलराउंडर की औसत 18.15 की और स्ट्राइक रेट 122.42 की रही है। इस प्रारूप में उन्होंने 1 अर्धशतक भी लगाया है।