Page Loader
IPL में वीरेंद्र सहवाग के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 
वीरेंद्र सहवाग IPL के दिग्गज खिलाड़ियों में से एक हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में वीरेंद्र सहवाग के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 

Apr 05, 2024
09:38 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अब तक के सबसे विध्वंसक सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। जब सहवाग मैदान पर बल्लेबाजी करने आते तो उनके सामने गेंदबाज खौफ में रहते थे। उनकी आक्रामक शुरुआत से भारत और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वह जिस-जिस टीम के लिए खेले सबको फायदा हुआ। ऐसे में आइए IPL में उनकी कुछ यादगार पारियों पर एक नजर डालते हैं।

#1

122 बनाम CSK, 2014 

IPL 2014 में सहवाग किंग्स इलेवन पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेला करते थे। क्वालीफायर-2 मुकाबले में PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 226/6 रन बना दिए थे। सहवाग ने उस मुकाबले में 58 गेंद का सामना किया था और 122 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 12 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 210.34 की रही थी। उनकी इस शानदार पारी के कारण PBKS को 24 रन से जीत मिली थी।

#2

119 बनाम SRH, 2011

IPL 2011 में सहवाग दिल्ली डेयरडेविल्स अब दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम का हिस्सा थे। सीजन के 46वें मुकाबले में टीम का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ था। SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 175 रन बनाए थे। जवाब में सहवाग ने 56 गेंदों में ही 119 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 13 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 212.50 की रही। DC को मैच में 4 विकेट से जीत मिली थी।

#3

72 बनाम KKR, 2014 

IPL 2014 के 34वें मैच में पंजाब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। सहवाग ने उस मुकाबले में 50 गेंद का सामना किया और 72 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 144.00 की रही। उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पूरी टीम 149/8 का स्कोर ही बना पाई। जवाब में KKR ने सिर्फ 1 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया।

#4

77 बनाम पंजाब, 2011

IPL 2011 में सहवाग दिल्ली की टीम का हिस्सा थे। पंजाब के खिलाफ दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 231/4 का स्कोर बना दिया था। सहवाग ने 35 गेंद का सामना किया था और 77 रन जड़ दिए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 220.00 की रही थी। उस मुकाबले में डेविड वार्नर ने भी 77 रन की पारी खेली थी। दिल्ली को मुकाबले में 29 रन से जीत मिली थी।