Page Loader
IPL में मैथ्यू हेडन के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर
मैथ्यू हेडन ने IPL में कई कमाल की पारियां खेली हैं

IPL में मैथ्यू हेडन के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर

Apr 10, 2024
07:51 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज रहे मैथ्यू हेडन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खूब रन बनाए हैं। इसके अलावा इस सलामी बल्लेबाज ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया था। उन्होंने IPL में 32 मैच खेले, जिसमें 36.90 की औसत के साथ 1,107 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 8 अर्धशतक भी लगाए। भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में उन्होंने कई बेहतरीन पारियां खेली। आइए IPL में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर डालते हैं।

#1

93 बनाम दिल्ली डेयरडेविल्स- IPL 2011 

IPL 2011 में हेडन चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की टीम का हिस्सा थे। सीजन का 11वां मुकाबला टीम दिल्ली डेयरडेविल्स अब दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ खेल रही थी। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए DC ने 6 विकेट खोकर 185 रन बना दिए थे। जवाब में हेडन ने 43 गेंद का सामना किया और 93 रन जड़ दिए। उन्होंने 9 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 216.27 की रही। CSK ने यह मैच 5 विकेट से जीता था।

#2

89 बनाम पंजाब- IPL 2009 

IPL 2009 में CSK अपना 34वां मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेल रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 3 विकेट खोकर 185 रन बना दिए थे। हेडन ने 58 गेंद का सामना किया था और 89 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। उनके बल्ले से 8 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 153.44 की रही थी। CSK को इस मुकाबले में 12 रन से शानदार जीत मिली थी।

#3

81 बनाम मुंबई इंडियंस- IPL 2008 

IPL 2008 में हेडन ने CSK के लिए एक और उम्दा पारी खेली थी। सीजन का 8वां मुकाबला टीम मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेल रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 5 विकेट खोकर 208 रन बनाए थे। हेडन ने 46 गेंद का सामना किया था और 81 रन जड़े थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 176.08 की थी। CSK को उस मुकाबले में 6 रन से जीत मिली थी।

#4

60* बनाम MI- IPL 2009

IPL 2009 के 47वें मुकाबले में CSK का MI से मुकाबला हुआ था। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 5 विकेट खोकर 147 रन बना दिए थे। जवाब में हेडन ने 57 गेंद का सामना किया था और 60* रन बनाए थे। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला था। वह मुकाबले में नाबाद थे और जब तक टीम को जीत नहीं मिली वह एक छोर पर डटे रहे। CSK ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीता था।