वीरेंद्र सहवाग ने कहा था '10 करोड़ का चीयरलीडर', अब मैक्सवेल ने दिया जवाब

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां सीजन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल के लिए खराब बीता था। उन्होंने इस सीजन में सिर्फ 108 रन बनाए थे। अपनी बेबाक राय के लिए मशहूर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें '10 करोड़ का चीयरलीडर' कहा था। अब मैक्सवेल ने इस कमेंट का जवाब दिया है। बता दें किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने 10.75 करोड़ रुपये की बड़ी राशि में मैक्सवेल को अपने साथ शामिल किया था।
दरअसल IPL 2020 की समाप्ति के बाद सहवाग ने इस सीजन के पांच सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट बनाई थी, जिसमें उन्होंने मैक्सवेल को भी शामिल किया था। सहवाग ने 'वीरू की बैठक' में मैक्सवेल को लेकर कहा था, "ये 10 करोड़ का चीयरलीडर पंजाब को बहुत भारी पड़ गया। पिछले कुछ सीजन में मैक्सवेल का रिकॉर्ड कामचोरी करने का रहा है और इस सीजन में उन्होंने इसका भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है।"
मैक्सवेल ने कहा है कि KXIP के पूर्व क्रिकेटर और मेंटर रह चुके वीरू पहले भी उनको लेकर अपनी निराशा व्यक्त कर चुके हैं। उन्हें इस कमेंट से कोई हैरानगी नहीं हुई है। मैक्सवेल ने कहा, "वीरू मुझे पसंद नहीं करते हैं और इसको लेकर काफी ज्यादा बोलते हैं। वह जो चाहे वो बोल सकते हैं। ऐसे बयानों के चलते ही वीरू खबरों में बने रहते हैं। मैं ऐसी चीजों से निपटकर आगे बढ़ जाता हूं।"
ग्लेन मैक्सवेल के लिए IPL 2020 किसी बुरे सपने जैसा रहा था। उन्होंने इस सीजन में 13 मैचों में 32 के सर्वाधिक स्कोर के साथ सिर्फ 108 रन बनाए। निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले मैक्सवेल पूरे टूर्नामेंट में एक छक्का भी नहीं लगा सके। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने सिर्फ तीन विकेट लिए। उनकी टीम प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। KXIP ने सिर्फ छह लीग मैच जीते और अंक तालिका में छटवें स्थान पर रही।
IPL में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल भारत के खिलाफ आगामी सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। वह सीमित प्रारूप में टीम का हिस्सा हैं। भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है जिसकी शुरुरात 27 नवंबर से होगी। इसके बाद तीन टी-10 मैचों की सीरीज 04 दिसंबर से शुरू होनी है। इन दोनों सीरीज में मैक्सवेल अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।