Page Loader
टी-20 सीरीज: ग्लेन मैक्सवेल का न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
ग्लेन मैक्सवेल न्यूजीलैंड के खिलाफ खतरनाक साबित हो सकते हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 सीरीज: ग्लेन मैक्सवेल का न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Feb 19, 2024
03:42 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 21 फरवरी से 3 मैच की टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। इस साल होने वाले टी-20 विश्व कप को देखते हुए यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। कंगारू टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल से टीम को काफी उम्मीद होगी। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

रन

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

कीवी टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन आरोन फिंच ने बनाए हैं। उन्होंने 9 मैच की 9 पारियों में 44.83 की औसत और 140.10 की स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 79 रन रहा है। दूसरे स्थान पर मैक्सवेल हैं। उन्होंने 11 मैच की 11 पारियों में 32.75 की औसत और 155.02 की स्ट्राइक रेट से 262 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 70 रन रहा है।

सरजमीं

न्यूजीलैंड में कैसा रहा है मैक्सवेल का प्रदर्शन?

मैक्सवेल ने न्यूजीलैंड में पहला मुकाबला साल 2018 में खेला था। उन्होंने वहां अब तक 7 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 7 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए इस खिलाड़ी ने 144 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट इस दौरान 171.42 की रही है। उनके बल्ले से 1 अर्धशक निकला है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 70 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 2 विकेट भी अपने नाम किए हैं।

फॉर्म

कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं मैक्सवेल 

हाल ही में मैक्सवेल ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज में अपने करियर का 5वां शतक जड़ दिया था। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। उन्होंने इस मामले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी की थी। साल 2024 में इस खिलाड़ी ने 3 मैच खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 184.41 की स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाने में सफल रहे हैं।

करियर

मैक्सवेल के टी-20 करियर पर एक नजर 

मैक्सवेल ने साल 2012 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वह अब तक 103 टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 95 पारियों में 30.59 की औसत और 154.63 की स्ट्राइक रेट से 2,417 रन अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 145 रन का रहा है। वह इस प्रारूप में 5 शतक के अलावा 10 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। वह 16 बार नाबाद भी रहे हैं।