गौतम गंभीर बनाए गए भारतीय क्रिकेट टीम के नए कोच, जय शाह ने की घोषणा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट टीम (पुरुष) के नए मुख्य कोच की नियुक्ति कर दी है।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी गौतम गंभीर को टीम का नया कोच बनाया गया है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंटर की भूमिका निभा रहे थे और उन्हें चैंपियन भी बनाया था।
ये पहली बार होगा जब गंभीर किसी टीम के कोच की भूमिका में होंगे।
आइए पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।
बयान
जय शाह ने की घोषणा
BCCI सचिव जय शाह ने गंभीर के नाम का ऐलान करते हुए एक्स पर लिखा, 'मुझे गंभीर का भारतीय टीम के नए मुख्य कोच के रूप में स्वागत करते हुए खुशी है। आधुनिक क्रिकेट तेजी से विकसित हुआ है और गंभीर ने इस बदलते परिदृश्य को करीब से देखा है। अपने करियर में कठिनाइयों को सहने और विभिन्न भूमिकाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद, मुझे विश्वास है कि वह भारतीय टीम को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श व्यक्ति हैं।'
जय शाह
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में आएंगे नजर
शाह ने गंभीर को लेकर आगे कहा, 'भारतीय टीम के लिए उनका स्पष्ट दृष्टिकोण, उनके विशाल अनुभव के साथ मिलकर, उन्हें इस रोमांचक और सबसे अधिक मांग वाली कोचिंग भूमिका को निभाने के लिए पूरी तरह से सक्षम बनाता है। BCCI उनकी इस नई यात्रा का पूरा समर्थन करता है।'
बता दें कि गंभीर श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज से कोच की भूमिका में नजर आने वाले हैं।
क्षमता
गंभीर के नेतृत्व क्षमता पर एक नजर
गंभीर साल 2007 में भारत की टी-20 विश्व कप जीत और 2011 में वनडे विश्व कप जीत का हिस्सा थे।
उन्होंने 2011 से 2017 तक 7 IPL संस्करणों में KKR की कप्तानी की और 5 बार टीम को प्लेऑफ में पहुंचाया। इसी तरह उनकी कप्तानी में टीम ने 2012 और 2014 में दो खिताब भी जीते थे।
इसके अलावा उनके नेतृत्व में ही KKR की टीम 2014 में बंद हुई चैंपियंस लीग टी-20 के फाइनल में भी पहुंची थी।
गंभीर
गंभीर ने कोच बनने के बाद क्या कहा?
गंभीर का कार्यकाल जुलाई 2027 तक रहेगा।
कोच बनने के बाद गंभीर ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारत मेरी पहचान है और देश की सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। मैं वापसी कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मेरा लक्ष्य वही है जो हमेशा से रहा है, हर भारतीय को गौरवान्वित करना। हमारे खिलाड़ी हर भारतीय के सपने को अपने कंधों पर उठाते हैं और मैं इन सपनों को साकार करने के लिए पूरी शक्ति लगा दूंगा।'
अनुभव
गंभीर को कोचिंग का अनुभव नहीं
42 वर्षीय गंभीर को अंतरराष्ट्रीय या घरेलू स्तर पर किसी टीम को कोचिंग देने का कोई अनुभव नहीं है। वह IPL की दो टीमों में मेंटर चुके हैं।
वह 2022 और 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मेंटर थे और दोनों संस्करण में LSG ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था।
हालांकि, वह IPL 2024 में शाहरुख खान के प्रयासों के बाद LSG छोड़कर KKR के मेंटर बन गए थे और उनकी टीम ने प्रभावी प्रदर्शन किया था।
बल्लेबाजी
ऐसा रहा है गंभीर का अंतरराष्ट्रीय करियर
लगभग 13 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में गंभीर ने सभी प्रारूप में भारतीय टीम के शीर्षक्रम को मजूबती देने का काम किया था।
गंभीर ने 58 टेस्ट में 9 शतक, 1 दोहरा शतक और 22 अर्धशतकों की बदौलत 4,154 रन बनाए थे।
147 वनडे मैचों में उन्होंने 11 शतक और 34 अर्धशतकों की बदौलत 5,238 रन बनाए थे।
उन्होंने 37 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 932 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 7 अर्धशतक लगाए थे।