LOADING...
भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन
सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया है (तस्वीर: ट्विटर/@CricketopiaCom)

भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन

Apr 02, 2023
12:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह गुजरात के जामनगर में थे और कैंसर से जूझ रहे थे। दुर्रानी भारत के पहले ऐसे क्रिकेटर थे, जिन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उनका जन्म 11 दिसंबर, 1934 को अफगानिस्तान के काबुल में हुआ था। वह 8 महीने के थे जब उनका पूरा परिवार पाकिस्तान के कराची आ गया था। बंटवारे के बाद वह भारत आ गए।

करियर

कैसा रहा सलीम दुर्रानी का करियर?

सलीम ने भारत के लिए पहला टेस्ट मैच 1 जनवरी, 1960 को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 6 फरवरी,1973 को खेला था। इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने भारत के लिए 29 मैच खेले और 25.04 की औसत से 1,202 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए थे। गेंदबाजी में उन्होंने 35.43 की औसत से 75 विकेट अपने नाम किए थे।

योगदान

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली जीत में दिया था अहम योगदान 

भारत ने वेस्टइंडीज को साल 1971 में पहली बार हराया था। उस समय वेस्टइंडीज दुनिया की सबसे खतरनाक टीम होती थी। यह मुकाबला पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला गया था और सुनील गावस्कर इस मैच में डेब्यू कर रहे थे। सलीम ने उस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए क्लाइव लॉयड और गैरी सोबर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा था। उन्होंने 17 ओवर गेंदबाजी की थी और 21 रन दिए थे।

Advertisement

सम्मान

दुर्रानी को मिल चुके हैं ये सम्मान 

सलीम को 1960 में अर्जुन अवार्ड मिला था। साल 2011 में इस दिग्गज खिलाड़ी को सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह फिल्मों में भी नजर आए थे। वह 1973 में आई फिल्म 'चरित्र'में नजर आए थे। वह अपने छोटे भाई के साथ जामनगर में रहते थे। इस साल जनवरी में उनकी जांघ की हड्डी भी टूट गई थी।

Advertisement

घरेलू 

कैसा रहा घरेलू क्रिकेट में दुर्रानी का प्रदर्शन?

सलीम ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 170 मैच खेले थे और 33.37 की औसत से 8,545 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 45 अर्धशतक लगाए हैं। सलीम ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 144 कैच भी लपके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 137 रन रहा है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सलीम ने 484 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/99 का रहा है। लिस्ट-A क्रिकेट में सलीम ने 3 मैच खेले हैं और 34 रन बनाए हैं।

Advertisement