Page Loader
BCCI के नए कार्यवाहक सचिव देवजीत सैकिया कौन हैं?
देवजीत सैकिया BCCI के कार्यवाहक सचिव नियुक्त

BCCI के नए कार्यवाहक सचिव देवजीत सैकिया कौन हैं?

लेखन Manoj Panchal
Dec 08, 2024
10:27 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने असम के पूर्व क्रिकेटर देवजीत सैकिया को अपना कार्यवाहक सचिव नियुक्त किया है। हाल ही में जय शाह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यभार संभाला है। इसके बाद BCCI अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने सैकिया को कार्यवाहक सचिव नियुक्त करने का निर्णय लिया। सैकिया को हाल ही में BCCI में बोर्ड निदेशक के रूम में नियुक्त किया गया था।

परिचय

कौन हैं सैकिया?

सैकिया असम के रहने वाले हैं और एक पूर्व फर्स्ट-क्लास क्रिकेटर भी हैं। उन्होंने 1990-91 में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेला था। उन्होंने असम क्रिकेट टीम के लिए रणजी ट्रॉफी खेली थी। वे विकेटकीपर और मध्यक्रम के बल्लेबाज थे। उन्होंने 4 मैचों की 6 पारियों में कुल 53 रन बनाए हैं। विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने 8 कैच और 1 स्टंप आउट किया है। सैकिया एक वकील भी है। उन्होंने कॉटन कॉलेज से पढ़ाई की है।

नियुक्ति

अगले साल सितंबर तक पद पर बने रहेंगे

सैकिया अगले साल सितंबर तक कार्यवाहक सचिव के पद पर बने रहेंगे। BCCI के नियमों के अनुसार, सचिव पद के लिए चुनाव 14 जनवरी, 2025 को या उससे पहले होना चाहिए। मौजूदा BCCI प्रशासन ने शाह के स्थायी उत्तराधिकारी के बारे में अभी तक कुछ भी नहीं बताया है। हालांकि, सैकिया सितंबर, 2025 में बोर्ड की अगली वार्षिक आम बैठक तक अपनी भूमिका में बने रह सकते हैं, जहां एक नया सचिव नियुक्त किया जा सकता है।