क्रिस्टियानो रोनाल्डो मिले कोरोना पॉजिटिव, एक दिन पहले ही पुर्तगाल के लिए खेला था मैच
क्या है खबर?
पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फैंस के लिए बुरी खबर आई है क्योंकि रोनाल्डो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
12 अक्टूबर की रात रोनाल्डो ने फ्रांस के खिलाफ UEFA नेशंस लीग के मुकाबले में हिस्सा लिया था।
पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन (PFF) ने अपने बयान में बताया है कि रोनाल्डो को लक्षण नहीं हैं, लेकिन वह कोरोना पॉजिटिव हैं।
अचानक रोनाल्डो का कोरोना पॉजिटिव मिलने सबके लिए चौंकाने वाली खबर है।
जानकारी
रोनाल्डो को भेजा गया घर
कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद रोनाल्डो को घर वापस भेज दिया गया है और वह आइसोलेशन में रहेंगे। अब वह बुधवार को स्वीडन के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
बयान
अन्य खिलाड़ी मिले निगेटिव- PFF
PFF ने अपने बयान में कहा, "पॉजिटिव मामला आने के बाद अन्य खिलाड़ियों का मंगलवार की सुबह नया टेस्ट कराया गया और उसमे सभी निगेटिव पाए गए हैं। सभी खिलाड़ी ट्रेनिंग के लिए फर्नांडो सांतोस को उपलब्ध होंगे।"
बयान में आगे कहा गया कि नेशंस लीग के क्वालिफिकेशन के लिए स्वीडन के खिलाफ बुधवार को होने वाले मुकाबले पर किसी तरह का खतरा नहीं है।
ग्रुप A का मुकाबला लिस्बन में खेला जाएगा।
नेशंस लीग
अपने ग्रुप में टॉप पर है पुर्तगाल
पुर्तगाल ने अब तक तीन में से दो मैच जीते हैं और एक ड्रॉ खेला है जिसकी बदौलत वह अपने ग्रुप में टॉप पर हैं।
स्वीडन के खिलाफ सितंबर में खेले गए मुकाबले में रोनाल्डो ने अपनी टीम के दोनों गोल दागे थे।
फ्रांस के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा था। नेशंस लीग के पहले मुकाबले में रोनाल्डो ने हिस्सा नहीं लिया था।
इस ग्रुप में पुर्तगाल, फ्रांस, स्वीडन के अलावा क्रोएशिया भी है।
उपलब्धि
सितंबर में 100 इंटरनेशनल गोल दागने वाले दूसरे पुरुष खिलाड़ी बने थे रोनाल्डो
रोनाल्डो ने 30 साल का होने से पहले तक पुर्तगाल के लिए 118 मैचों में 52 गोल लगाए थे।
हालांकि, 30 साल का होने के बाद से वह नेशनल टीम के लिए 47 मैचों में ही 48 गोल दाग चुके हैं।
स्वीडन के खिलाफ वह 100 इंटरनेशनल गोल पूरे करने वाले दूसरे पुरुष खिलाड़ी बने थे।
101 इंटरनेशनल गोल्स के सफर में रोनाल्डो ने अब तक 41 अलग-अलग देशों के खिलाफ गोल दागे हैं।