Page Loader
IPL इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज हैं ये अनोखे रिकॉर्ड्स

IPL इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज हैं ये अनोखे रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
May 03, 2020
06:45 am

क्या है खबर?

दिल्ली कैपिटल्स 12 सीजन से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का हिस्सा है, लेकिन अब तक एक भी बार फाइनल में नहीं पहुंच सकी है। हालांकि, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम के प्रदर्शन में सुधार आया है और पिछले सीजन उन्होंने पहली बार कोई नॉकआउट मुकाबला जीता था। भले ही दिल्ली खिताब के करीब नहीं पहुंच सकी है, लेकिन उन्होंने कुछ अनोखे रिकॉर्ड बनाए हैं। एक नजर ऐसे ही पांच रिकॉर्ड्स पर।

#1

एक पारी में सबसे बेहतरीन स्ट्राइक-रेट का रिकॉर्ड

बल्लेबाज का स्ट्राइक-रेट भले ही उसका व्यक्तिगत रिकॉर्ड होता है, लेकिन वह जिस टीम के लिए खेल रहा होता है उसका भी जिक्र जरूर होता है। एक पारी में सबसे तेज स्ट्राइक-रेट (422.22) के साथ रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस मॉरिस के नाम है। मॉरिस ने 2017 में दिल्ली के लिए खेलते हुए राइजिंग पुणे सुपरजॉयंट्स के खिलाफ नौ गेंदों में 38 रन बना डाले थे। उनकी पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल थे।

#2

पहली पारी मेें सबसे कम स्कोर पर सिमटने का रिकॉर्ड

IPL में सबसे कम स्कोर (49) पर सिमटने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नाम है, लेकिन वे दूसरी पारी में खेलते हुए इस स्कोर पर सिमटे थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए सबसे कम स्कोर पर सिमटने का रिकॉर्ड दिल्ली के नाम है। 2017 में किंग्स इलेेवन पंजाब के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली 67 के स्कोर पर सिमट गई थी। KXIP ने आठवें ओवर में बिना विकेट खोए मैच जीत लिया था।

#3

होम गेम में सबसे कम स्कोर पर सिमटने का रिकॉर्ड

2017 IPL में ही मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। लेंडल सिमंस (66) और केरान पोलार्ड (63*) ने मुंहई को 212 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम 13.4 ओवरों में 66 के स्कोर पर सिमट गई। हरभजन सिंह और कर्ण शर्मा ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए और दिल्ली के नाम घर में सबसे कम स्कोर पर सिमटने का रिकॉर्ड हो गया।

#4

होम मैच में सबसे बड़े स्कोर का पीछा करने का रिकॉर्ड

2017 IPL में गुजरात लॉयंस ने दिल्ली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सुरेश रैना (77) और दिनेश कार्तिक (65) की बदौलत 208 का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में दिल्ली के लिए ओपनर संजू सैमसन ने 31 गेंदों में 61 रन बना डाले। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने नौ छक्के और छह चौके लगाते हुए 43 गेंदों में 97 रनों की पारी खेल डाली और दिल्ली को 17.3 ओवरों में मैच जिता दिया।

#5

IPL मे सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाला भारतीय खिलाड़ी

2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली ने 50 के स्कोर तक पहुंचने के पहले ही तीन विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, पंत ने 63 गेंदों में 15 चौके और सात छक्के लगाते हुए 128 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को 187 के स्कोर तक पहुंचाया। IPL में यह किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। मुरली विजय ने 127 रनों की पारी खेली है।