Page Loader
WWE में अपनी ताकत का लोहा मनवा चुके हैं ये भारतीय रेसलर्स

WWE में अपनी ताकत का लोहा मनवा चुके हैं ये भारतीय रेसलर्स

लेखन Neeraj Pandey
Dec 21, 2018
04:11 pm

क्या है खबर?

स्पोर्ट्स इंटरटेनमेंट जगत का सबसे बड़ा नाम WWE है जिसके फैंस पूरे विश्व में फैले हुए हैं। WWE 1952 से चला आ रहा है और विश्व के कोने-कोने से सुपरस्टार्स को फैंस के मनोरंजन के लिए लाया जाता है। रेसलिंग जगत में भारतीय रेसलर्स ने भी खूब जलवे बिखेरे हैं। कई स्टार्स हैं जिनको आप जानते होंगे लेकिन कुछ के बारे में शायद ही आपको पता होगा। जानिए WWE में फाइट कर चुके 5 भारतीय रेसलर्स के बारे में।

गामा सिंह

WWE जाने वाले पहले भारतीय रेसलर

गामा सिंह WWE द्वारा साइन किए गए पहले भारतीय रेसलर थे। उनका जन्म 8 दिसंबर, 1954 भारत के पंजाब में हुआ था लेकिन बाद में उन्होंने कनाडा की नागरिकता ले ली थी। उन्होंने WWF पर कई अंडरकार्ड मैच लड़े थे। वह पूर्व WWE चैंपियन जिंदर महल के अंकल हैं। जिंदर ने इन्हीं से रेसलिंग की ट्रेनिंग ली थी। 2018 में सिंह ने इम्पैक्ट रेसलिंग के साथ मैनेजर के रूप में कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है।

जीत रामा

हरियाणा से पहुंचे WWE

12 जनवरी, 1981 को हरियाणा के सोनीपत में जन्में सतेंद्र डागर को WWE ने अपने NXT ब्रांड के लिए साइन किया है। 29 सितंबर, 2015 को उन्होंने बैटल रॉयल में फाइट करते हुए अपना NXT डेब्यू किया था। 15 जनवरी, 2016 को दिल्ली में हुए WWE लाइव इवेंट के दौरान उन्होंने 'जीत रामा' रिंग नेम से अपना सिंगल्स डेब्यू किया था। उन्होंने ज़्यादातर फाइट NXT लाइव इवेंट के दौरान की है।

जिंदर महल

WWE चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय

19 जुलाई, 1986 को जन्में जिंदर का वास्तविक नाम युवराज सिंह धेसी है। वह भारतीय मूल के कनाडा के नागरिक हैं और WWE के रॉ ब्रांड पर परफॉर्म कर रहे हैं। उन्होंने 2010 में WWE ज्वाइन किया था और उसी साल मेन रोस्टर पर जिंदर महल नाम से अपना डेब्यू किया था। 2014 में कंपनी द्वारा रिलीज किए जाने के बाद जिंदर ने दो साल बाद दोबारा वापसी की थी। महल WWE चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय रेसलर हैं।

महाबली शेरा

अपना नाम बना रहे हैं महाबली शेरा

17 अक्टूबर, 1990 को पंजाब में जन्में अमनप्रीत सिंह रंधावा ने पहली बार 2011 में TNA का इंडियन प्रोजेक्ट 'रिंग का किंग' जीता था। 2014 में TNA ने अमनप्रीत के रूप में पहले भारतीय रेसलर को साइन करने की घोषणा की थी। सालों तक TNA के लिए महाबली शेरा नाम से फाइट करने के बाद 2018 में वह WWE चले आए। भले ही वह कभी टीवी पर नहीं आए लेकिन उन्होंने NXT पर 10 हाउस शो फाइट की थी।

द ग्रेट खली

WWE जाने वाले सबसे मशहूर भारतीय रेसलर

खली ने अपना WWE डेब्यू रंजिन सिंह और जिंदर महल के साथ ही किया था लेकिन ज़्यादातर समय उन्होंने सिंगल्स प्रतियोगिता में फाइट की। 2007 में वह WWE के वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बने थे। WWE में सालों तक अनगिनत फाइट लड़ने वाले खली चार हॉलीवुड और दो बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। इसके अलावा वह कई टीवी शो पर भी आ चुके हैं। वर्तमान समय में उन्हें दुनिया के कई रेसलिंग इवेंट्स पर देखा जा सकता है।

जानकारी

कविता देवी ने रचा इतिहास

भारतीय महिलाओं के लिए एक मिसाल बन चुकी कविता देवी ने बीते वर्ष ही NXT में कदम रखा था। हालाँकि अभी तक उन्हें कुछ ख़ास सफ़लता नहीं मिली है। लेकिन WWE में कदम रखने वाली पहली भारतीय महिला बन वो इतिहास रच चुकी हैं।