Page Loader
IPL 2020: इन पांच फिनिशर बल्लेबाजों पर रहेंगी सबकी निगाहें

IPL 2020: इन पांच फिनिशर बल्लेबाजों पर रहेंगी सबकी निगाहें

लेखन Neeraj Pandey
Sep 15, 2020
11:57 am

क्या है खबर?

टी-20 क्रिकेट में पहले बल्लेबाजी करते हुए या फिर स्कोर का पीछा करते हुए दोनों ही समय अच्छे फिनिशर का होना जरूरी है। फिनिशर का काम केवल यह नहीं होता कि वह पहली गेंद से ही बड़े शॉट लगाने शुरु कर दे बल्कि उसे मैच की परिस्थिति के हिसाब से प्रेशर झेलना आना चाहिए। सालों से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कई बेहतरीन फिनिशर देखने को मिले हैं। आइए जानें इस सीजन कौन से फिनिशर महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

एमएस धोनी

CSK के लिए महत्वपूर्ण होंगे धोनी

एमएस धोनी को लिमिटेड ओवर्स की क्रिकेट के सबसे बेहतरीन फिनिशर में से एक माना जाता है। 2018 और 2019 सीजन में धोनी ने CSK के लिए अंतिम ओवर्स में खूब रन भी बनाए थे। धोनी IPL के 20वें ओवर में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। सुरेश रैना की अनुपस्थिति में यदि CSK को इस सीजन सफलता हासिल करनी है तो फिर धोनी को अपना बेस्ट दिखाना होगा।

रसेल और मोर्गन

KKR के पास हैं रसेल और मोर्गन जैसे खिलाड़ी

कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने आंद्रे रसेल का इस्तेमाल निचले क्रम में तेजी से रन बनाने के लिए किया है। पिछले सीजन रसेल कमाल की फॉर्म में थे और उन्होंने 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ 500 से अधिक रन बनाए थे। इस सीजन KKR ने संकेत दिए हैं कि वे रसेल को टॉप आर्डर में उतार सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो फिनिशिंग की जिम्मेदारी इयोन मोर्गन को दी जा सकती है।

हार्दिक पंड्या

MI के लिए मजबूत कड़ी हैं हार्दिक

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है और वह मुंबई इंडियंस (MI) के लिए लगातार मैच जिताउ पारियां खेलते रहे हैं। पिछले सीजन उन्होंने 191 की स्ट्राइक रेट के साथ 400 से अधिक रन बनाए थे। पंड्या का महत्व तब और बढ़ जाता है जब टीम को अंतिम के कुछ ओवर्स में तेजी से रन बटोरने होते हैं। इस सीजन एक बार फिर पंड्या खुद को साबित करना चाहेंगे।

ऋषभ पंत

दिल्ली के लिए मैच फिनिश करेंगे पंत

इस सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी काफी मजबूत है और टीम में कई अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं। हालांकि, फिनिशर की बात करें तो यह जिम्मेदारी युवा भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सौंपी जा सकती है। पिछले सीजन 488 रन बनाने वाले पंत तेजी के साथ रन बनाने में सक्षम हैं, लेकिन उन्हें अपने विकेट की कीमत नहीं पता है। अधिकतर मौकों पर वह अपना विकेट फेंकते नजर आते हैं।

ग्लेन मैक्सवेल

मैक्सवेल करेंगे KXIP के लिए आतिशी बल्लेबाजी

किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने 10.75 करोड़ रूपये की कीमत में ग्लेन मैक्सवेल को खरीदा है। मैक्सवेल छोटे फॉर्मेट में धुंआधार बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं और उन्होंने KXIP के लिए यह काम पहले भी किया है। KXIP के पास अच्छा टॉप और मिडिल ऑर्डर है और यदि अंत में मैक्सवेल का बल्ला भी चलने लगा तो फिर टीम किसी भी टोटल को हासिल कर सकती है या बड़े से बड़ा स्कोर बना सकती है।