Page Loader
महिला पहलवान विनेश फोगाट बनी मां, बेटे को दिया जन्म
विनेश फोगाट बनी मां (तस्वीर: एक्स/@Phogat_Vinesh)

महिला पहलवान विनेश फोगाट बनी मां, बेटे को दिया जन्म

Jul 01, 2025
05:40 pm

क्या है खबर?

भारत की पूर्व महिला पहलवान और वर्तमान विधायक विनेश फोगाट मां बनीं हैं। उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। ऐसे में यह विनेश के चाहने वालों के लिए भी अच्छी खबर है। खबरों के मुताबिक, विनेश को बीते सोमवार शाम (30 जून) को दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल विनेश और उनका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

पूर्व पोस्ट 

विनेश के पति सोमवीर राठी भी हैं पहलवान 

विनेश ने पहलवान सोमवीर राठी के साथ दिसंबर 2018 में शादी की थी। इस जोड़े ने इस साल की शुरुआत में मार्च में इंस्टाग्राम पोस्ट के साथ अपनी गर्भावस्था को सार्वजनिक किया था। तब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा था, 'हमारी प्रेम कहानी एक नए अध्याय के साथ जारी है।' पिछले साल अगस्त में पेरिस ओलंपिक के बाद विनेश ने कुश्ती से संन्यास ले लिया था। वह 2024 में कांग्रेस के टिकट से जुलाना विधानसभा से विधायक बनीं थी।

उपलब्धि 

विनेश ने कुश्ती में हासिल की थी ये उपलब्धियां 

विनेश ने एशियाई खेलों में 2 पदक हासिल किए थे। साल 2018 में जकार्ता में हुए खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। उससे पहले 2014 में इंचियोन (48 किग्रा वर्ग) में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था। वह सितंबर 2022 में विश्व चैंपियनशिप में 2 पदक (दोनों कांस्य) जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थी। वह राष्ट्रमंडल खेल में 3 स्वर्ण पदक (2014 , 2018 और 2022 ) जीत चुकी हैं।