फखर जमान का बड़ा बयान, ICC ट्रॉफी जीतने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर है भारी दबाव
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने स्वीकार किया है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ट्रॉफी जीतने के लिए खिलाड़ियों पर दबाव है। पाकिस्तान ने आखिरी बार साल 2017 में ICC का खिताब जीता था। इसके बाद टीम 2022 में टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के करीब पहुंची थी, लेकिन मेलबर्न में खेले गए फाइनल में उसे इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। आइए फखर के बयान पर नजर डालते हैं।
बयान
फखर ने क्या कहा?
फखर ने पीटीआई के हवाले से कहा, "एक टीम के तौर पर हम पर ICC ट्रॉफी जीतने का दबाव है। देश के बड़े अंतरराष्ट्रीय खिताब का इंतजार खत्म करने को लेकर हमने विस्तार से चर्चा भी की है। यह स्वाभाविक है कि पाकिस्तान लंबे समय से ICC का खिताब नहीं जीत पाया है, इसलिए लोग निराश हैं। हम यह भी जानते हैं कि जब हम अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो हमें लोगों से खूब प्यार और सराहना मिलती है।"
पाकिस्तान
हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की पूरी कोशिश कर रहे हैं- फखर
फखर ने आगे कहा, "हर खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने और अपने खेल में सुधार करने की कोशिश करता है। एक देश के तौर पर ट्रॉफी जीतने के बाद जो खुशी मिलती है वह सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचने से मिलने वाली खुशी से बिल्कुल अलग होती है। हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे।"
वनडे क्रिकेट
विश्व कप के लिए पाकिस्तान संयोजन तैयार कर रही है
फखर ने बताया कि पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ होने वाली त्रिकोणीय सीरीज से खिलाड़ियों के संयोजन को आजमाना शुरू करेगी।
उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य अभी से विश्व कप के लिए बेहतरीन संयोजन तैयार करना है। अच्छी बात यह है कि हमारे ज्यादातर खिलाड़ी सीरीज में घरेलू क्रिकेट खेलकर उतरेंगे। प्रथम श्रेणी खेलने के बाद 50 ओवर के प्रारूप में ढलना आसान है। यह अच्छी बात है कि सभी खिलाड़ियों ने घरेलू सत्र में हिस्सा लिया है।"
योजना
विश्व कप जीतना हमारे दिमाग में है
फखर ने आगे कहा, "हमने अपनी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की है, हालांकि कुछ ऐसी बातें हैं जिन पर कैमरे के सामने बात नहीं की जा सकती। इस बारे में काफी चर्चा हुई है, लेकिन टेस्ट और सीमित ओवरों की क्रिकेट बिल्कुल अलग होती है। टीम में भी कई बड़े बदलाव हुए हैं, इसलिए हम उम्मीद और उत्साह से भरे हुए हैं। हमारी तैयारियां जिस तरह हैं, उसे देखते हुए विश्व कप भी हमारे दिमाग में है।"