Page Loader
IPL: फाफ डू प्लेसी ने बताया, क्या है चेन्नई सुपरकिंग्स की सफलता का राज

IPL: फाफ डू प्लेसी ने बताया, क्या है चेन्नई सुपरकिंग्स की सफलता का राज

लेखन Neeraj Pandey
Apr 20, 2020
01:23 pm

क्या है खबर?

चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे निरंतर टीमों में से एक है। अब तक 10 सीजन का हिस्सा रह चुकी CSK ने हर सीजन के सेमीफाइनल या फिर प्ले-ऑफ में जगह बनाई और तीन बार खिताब पर अपना कब्जा भी जमाया है। हर किसी को यह जानने की उत्सुकता रहती है कि आखिर CSK की सफलता का राज क्या है। अब फाफ डू प्लेसी ने इस राज से पर्दा हटाया है।

बयान

कप्तानों को टार्गेट करने से मिली CSK को सफलता- डू प्लेसी

डू प्लेसी ने CSK की वेबसाइट से बात करते हुए कहा कि CSK में कई सारे लीडर्स रहे हैं और ऐसे क्रिकेटर्स के मौजूद होने का फायदा टीम को मिला है। उन्होंने कहा, "CSK ने सालों से एक बेहतरीन काम किया है और इसका क्रेडिट कप्तान धोनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग को जाता है। उन्होंने कप्तानों को टार्गेट किया है। ब्रेंडन मैकुलम, मैं, ड्वेन ब्रावो, खुद धोनी और रैना ने भी थोड़ी कप्तानी की है। उन्हें सोचने वाले क्रिकेटर्स चाहिए।"

कप्तानी का अनुभव

कप्तानी में ऐसा रहा है CSK के खिलाड़ियों का अनुभव

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान डू प्लेसी ने अपने देश को 35 टेस्ट, 39 वनडे और सबसे ज़्यादा 37 टी-20 में लीड किया है। मैकुलम ने न्यूजीलैंड को 31 टेस्ट, 62 वनडे और संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा 28 टी-20 में लीड किया है। धोनी ने भारत को सबसे ज़्यादा 60 टेस्ट, सबसे ज़्यादा 200 वनडे और सबसे ज़्यादा 72 टी-20 में लीड किया है। वहीं CSK के लिए सभी 10 सीजन में धोनी कप्तान रहे हैं।

बयान

CSK में हैं कई अच्छे फील्डर्स- डू प्लेसी

डू प्लेसी ने फील्डिंग को लेकर अपने जुनून के बारे में भी बात की और कहा कि टीम में कुछ अच्छे फील्डर्स मौजूद हैं। उन्होंने कहा, "मैं फील्ड पर उन जगहों पर रहना पसंद करता हूं जहां गेंद हमेशा आती रहती है। हम सौभाग्यशाली हैं कि CSK में हमारे पास कई अच्छे फील्डर हैं। जडेजा अदभुत हैं और उनके पास विश्व क्रिकेट में सबसे मजबूत हाथ हैं। उन्हें पता है कि यदि आप दौड़े तो आप आउट होंगे।"

फिनिशर

फाफ ने धोनी को बताया बेस्ट फिनिशर

डू प्लेसी ने अपने बेस्ट IPL मोमेंट के बारे में बात करते हुए कहा था कि उन्हें धोनी की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ IPL 2019 में 48 गेंदों में 84 रनों की पारी काफी पसंद आई थी। उन्होंने कहा, "यह मेरे द्वारा देखी गई बेस्ट बल्लेबाजी थी। मेरे ख्याल से धोनी क्रिकेट के बेस्ट फिनिशर हैं।" इससे पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी माइकल हसी ने भी धोनी को अब तक का बेस्ट फिनिशर बताया था।

प्रदर्शन

CSK के लिए ऐसा रहा है प्लेसी का प्रदर्शन

डू प्लेसी 2011 से ही CSK के साथ जुड़े हुए हैं और दो साल के लिए टीम के बैन होने पर वह राइजिंग पुणे सुपरजॉयंट्स के लिए खेल रहे थे। उन्होंने CSK के लिए 63 मैचों में 1,639 रन बनाए हैं जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 96 का है। 2018 IPL के पहले क्वालीफायर में प्लेसी ने सनराइजर्स के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया था।