Page Loader
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम द्वारा बनाए गए शानदार आंकड़े और रिकॉर्ड्स

टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम द्वारा बनाए गए शानदार आंकड़े और रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Sep 30, 2019
09:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने क्रिकेट के हर फॉर्मेट में अपने झंडे गाड़े हैं और उनके पास हमेशा कुछ मैच जिताऊ खिलाड़ी रहे हैं। 2 अक्टूबर से भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे लंबे फॉर्मेट यानि कि टेस्ट क्रिकेट खेलेगी। इस सीरीज से पहले ही भारतीय टीम टेस्ट में कई शानदार आंकड़े बना चुकी है। एक नजर टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम द्वारा बनाए गए शानदार आंकड़ों और रिकॉर्ड्स पर।

सर्वश्रेष्ठ स्कोर

टेस्ट में भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर

2016 में भारत दौरे पर इंग्लैंड ने चेन्नई टेस्ट में पहली पारी में 477 रन बनाए थे जिसके जवाब में भारत ने टेस्ट का अपना सर्वश्रेष्ठ 759/7d का स्कोर बना दिया। मुकाबले में करुण नायर ने भारत के लिए नाबाद तिहरा शतक लगाया तो वहीं केएल राहुल 199 पर आउट हुए। अफ्रीका के खिलाफ भारत का टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 643/6d का है जो उन्होंने 2010 में कोलकाता में बनाया था।

जानकारी

सबसे ज़्यादा बार लगातार पारी में 400 से ज़्यादा रन बनाने वाली टीम है भारत

भारतीय टीम ने टेस्ट में लगातार छह पारियों में 400 से ज़्यादा का स्कोर बनाया है और सबसे ज़्यादा बार ऐसा करने वाली टीम है। ऑस्ट्रेलिया ने यह कारनामा लगातार पांच पारियों में किया है।

निम्नतम स्कोर

टेस्ट में भारतीय टीम का निम्नतम स्कोर

टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का निम्नतम स्कोर 42 का है। 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ फॉलोआन खेलते हुए भारतीय टीम 42 के स्कोर पर सिमट गई थी। इंग्लैंड के लिए सीएम ओल्ड ने पांच और जी. अर्नाल्ड ने चार विकेट लिए थे। अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम का सबसे कम स्कोर 66 का है। 1996 में अफ्रीका दौरे पर गई भारतीय टीम को एलन डोनाल्ड (4) और शॉन पोलाक (3) ने 66 के स्कोर पर समेट दिया था।

जानकारी

फॉलोआन के बावजूद जीत हासिल करने वाली दूसरी टीम है भारत

फॉलोआन के बावजूद टेस्ट मुकाबले जीतने वाला भारत दूसरा देश है। इंग्लैंड ने दो बार ऐसा किया है, लेकिन उनकी जीत का अंतर 20 रन से कम का था जबकि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 171 रनों से मुकाबला अपने नाम किया था।

जीत

रनों और विकेट के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी जीत

भारत की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आई थी जब उन्होंने 337 रनों से मुकाबला अपने नाम किया था। विकेट के हिसाब से भारत ने पाकिस्तान को 1952 में 10 विकेट से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की थी। भारत ने न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को भी 10 विकेट से हराया है। अफ्रीका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत आठ विकेट से है।

जानकारी

पारी के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी जीत

भारत ने 2018 में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों से हराकर अपनी सबसे बड़ी पारी की जीत हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका को भारत ने 2010 में पारी और 57 रनों से हराकर उनके खिलाफ पारी से सबसे बड़ी जीत हासिल की थी।

व्यक्तिगत पारी

सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी

भारत के लिए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग के नाम दर्ज है। 2008 में सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 319 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। वर्तमान समय में खेल रहे खिलाड़ियों में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी करूण नायर (303*) ने खेली है। अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में खेल रहे खिलाड़ियों में सबसे बड़ी पारी विराट कोहली (243) के नाम है।

जानकारी

पारी और मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी

एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी अनिल कुंबले (74/10) तो वहीं मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी नरेंदर हिरवानी (136/16) के नाम दर्ज है। वर्तमान गेंदबाजों में रविंद्र जडेजा (48/7) ने एक पारी में तो वहीं रविचंद्रन अश्विन (140/13) ने एक मैच में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की है।