Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024: क्विंटन डिकॉक ने लगातार दूसरे मुकाबले में जड़ा अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स 
क्विंटन डिकॉक ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2024: क्विंटन डिकॉक ने लगातार दूसरे मुकाबले में जड़ा अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स 

Jun 21, 2024
09:46 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के 45वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार पारी (65) खेली। यह इस विश्व कप में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने USA क्रिकेट टीम के खिलाफ भी अर्धशतक (74) जड़ा था। अपनी इस शानदार पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड्स भी बनाए। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

कैसी रही डिकॉक की पारी और साझेदारी?

डिकॉक ने सिर्फ 38 गेंद का सामना किया और 65 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 171.05 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए रीजा हेंड्रिक्स के साथ 59 गेंद में 86 रन जोड़े। यह इस विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए पहले विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी रही। डिकॉक जब तक क्रीज पर थे, काफी आक्रमक लगे और इंग्लैंड के सभी गेंदबाजों की क्लास लगाई।

टी-20

डिकॉक ने हासिल की यह उपलब्धि 

डिकॉक ने अपनी इस पारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। डिकॉक ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कुमार संगाकारा की बराबरी की है। दोनों ने टी-20 विश्व कप में 4-4 बार 50+ का स्कोर बनाया है। पहले स्थान पर मोहम्मद रिजवान और जोस बटलर हैं। दोनों ने 5-5 बार यह कारनामा किया है।

छक्का

100 से ज्यादा छक्के जड़ने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज 

डिकॉक ने अपनी इस पारी के दौरान एक और उपलब्धि हासिल की। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं। उनके क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अब 102 छक्के हो गए हैं। पहले स्थान पर 124 छक्कों के साथ बटलर हैं। तीसरे स्थान पर निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने अब तक 62 पारियों में 99 छक्के लगाए हैं। रहमानुल्लाह गुरबाज 81 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं।

करियर

डिकॉक के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

डिकॉक ने अब तक अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 89 मुकाबले खेले हैं। इसकी 88 पारियों में 32 की औसत और 138.74 की स्ट्राइक रेट से 2,528 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके बल्ले से 16 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन रहा है। वह टी-20 विश्व कप 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं और 187 रन बनाए हैं।