इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान: बाबर आजम पहले टेस्ट से हो सकते हैं बाहर
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 19 अगस्त से इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट खेलना है। हेडिंग्ले में होने वाले पहले मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम का खेलना संदिग्ध है। दरअसल, वह फिलहाल उंगली की चोट से उबर रहे हैं और खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान टीम प्रबंधन उनको लेकर आखिरी समय में कोई फैसला लेगी। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
बाबर ने नेट्स में बेहद कम बल्लेबाजी की
बाबर वेस्टइंडीज दौरे पर दूसरे टेस्ट में अपनी उंगली पर चोट लगा बैठे थे।
इसके बाद इंग्लैंड में 'प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI' के खिलाफ पाकिस्तान के वॉर्म-अप मैच के दौरान उनके हाथ पर फिर से चोट लगी थी।
चोट लगने के कारण वे मैदान से बाहर चले गए और बाकी मैच में नहीं खेले थे।
अब क्रिकइंफो के मुताबिक, उन्होंने नेट्स में बेहद कम बल्लेबाजी की है।
बयान
मैच वाले दिन लिया जाएगा बाबर पर फैसला- मोहम्मद अब्बास
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने कहा कि मेडिकल पैनल और चयन समिति ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है।
अब्बास ने एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, "वह खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला मैच वाले दिन किया जाएगा। उन्होंने आज कुछ थ्रोडाउन और बल्लेबाजी का अभ्यास किया, लेकिन इसके लिए हमें मेडिकल सलाह माननी होगी।"
ऐसे में अगर बाबर फिट नहीं हो पाते हैं तो यह पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका होने वाला है।