Page Loader
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया: बेन स्टोक्स ने जड़ा 23वां वनडे अर्धशतक, 100 छक्के भी पूरे किए
बेन स्टोक्स ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया: बेन स्टोक्स ने जड़ा 23वां वनडे अर्धशतक, 100 छक्के भी पूरे किए

संपादन भारत शर्मा
Nov 04, 2023
10:01 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 36वें मुकाबले में शनिवार को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में 71.11 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 90 गेंदों पर 64 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के भी जड़े। एडम जैम्पा ने उनका विकेट चटकाया। यह स्टोक्स के वनडे करियर का 23वां और मौजूदा टूर्नामेंट में पहला अर्धशतक है।

प्रदर्शन

टूर्नामेंट में स्टोक्स का प्रदर्शन

टूर्नामेंट में स्टोक्स के प्रदर्शन की बात करें तो वह चोट के कारण शुरुआती कुछ मुकाबले नहीं खेल सके थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से उनकी वापसी हुई थी। इस मैच में उन्होंने 8 गेंदों पर 5 रन बनाए थे। श्रीलंका के खिलाफ अगले मैच में उन्होंने 73 गेंदों पर 43 रन बनाए थे। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ पिछले मैच में स्टोक्स ने 10 गेंदों का सामना किया था और उनका खाता तक नहीं खुला था।

प्रदर्शन

स्टोक्स का वनडे में प्रदर्शन

32 वर्षीय स्टोक्स का वनडे क्रिकेट करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 112 वनडे में 39.89 की औसत और 94.56 की स्ट्राइक रेट से 3,271 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 182 रन है। गेंदबाजी में उन्होंने 42.39 की औसत और 6.06 की इकॉनमी रेट से अब तक 74 विकेट लिए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/61 विकेट का है। मौजूदा विश्व कप में स्टोक्स ने अब तक गेंदबाजी नहीं की है।

छक्के

स्टोक्स वनडे में 100 छक्के जड़ने वाले तीसरे इंग्लिश बल्लेबाज

अपनी पारी के दौरान दूसरा छक्का जड़ते ही स्टोक्स के नाम एक अहम उपलब्धि भी दर्ज हो गई है। वह वनडे में 100 छक्के पूरे करने वाले तीसरे इंग्लिश बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में इयोन मोर्गन पहले पायदान पर है। उन्होंने अपने वनडे करियर में 202 छक्के जड़े हैं। इसी तरह दूसरे नंबर पर काबिज कप्तान जोस बटलर ने वनडे में 166 छक्के अपने नाम किए हैं। स्टोक्स इंग्लिश टीम के मध्यक्रम के प्रमुख स्तम्भ माने जाते हैं।