Page Loader
IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी हैरी ब्रूक टूर्नामेंट से हटे- रिपोर्ट
हैरी ब्रूक को दिल्ली कैपिटल्स ने 4 करोड़ रुपये में खरीदा था (तस्वीर: एक्स/@ICC)

IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी हैरी ब्रूक टूर्नामेंट से हटे- रिपोर्ट

Mar 13, 2024
03:55 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होनी है। आगामी सीजन के आगाज होने में अब 10 दिन का भी समय नहीं बचा है। इस बीच दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। ऐसी खबर है कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक IPL 2024 से हट गए हैं। हालांकि, इस पर संबंधित फ्रेंचाइजी या फिर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट

DC कर रही है ब्रूक के रिप्लेसमेंट की तलाश

क्रिकबज के मुताबिक, DC टीम प्रबंधन अब ब्रूक की जगह पर किसी अन्य बल्लेबाज की तलाश कर रही है। उन्हें DC ने 4 करोड़ रुपये देकर खरीदा था। दिलचस्प रूप से ब्रूक ने दिसंबर 2023 के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है। वह भारत के दौरे पर हाल ही में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज का भी हिस्सा था, लेकिन उन्होंने सीरीज के शुरू होने से पहले ही व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया था।

रिप्लेसमेंट

जेक फ्रेजर-मैकगर्क को अपने साथ जोड़ सकती है DC

ऐसी खबरें हैं कि ब्रूक की जगह पर DC की टीम ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क को अपने साथ जोड़ सकती है। 21 वर्षीय मैकगर्क ऑस्ट्रेलिया की ओर से 2 वनडे मैच खेल चुके हैं। उन्होंने फरवरी 2024 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। वह अपने टी-20 क्रिकेट करियर में अब तक 37 मैचों में 20.15 की औसत और 133.54 की स्ट्राइक रेट के साथ 645 रन बना चुके हैं।

आंकड़े

पिछले सीजन में कैसा रहा था ब्रूक का प्रदर्शन?

IPL 2023 में ब्रूक ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से 11 मैच खेले, जिसमें 21.11 की औसत और 123.38 की स्ट्राइक रेट से 190 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 1 शतक लगाया था। उन्होंने IPL 2023 में 23 चौके और 4 छक्के लगाए थे। वह अपनी कीमत (13.25 करोड़ रुपये) के साथ न्याय नहीं कर सके थे। शतकीय पारी खेलने के अलावा लगातार खराब प्रदर्शन के बीच उन्हें SRH ने 3 मैचों में नहीं मौका नहीं दिया था।

टीम

ऐसी है DC की पूरी टीम 

ऋषभ पंत आगामी सीजन में DC की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। DC अपना पहला मैच 23 मार्च को खेलेगी। DC का पूरा दल: ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड वार्नर, पृथ्वी शॉ, यश ढुल, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, ललित यादव, मिचेल मार्श, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, एनरिक नोर्खिया, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, खलील अहमद, इशांत शर्मा , मुकेश कुमार, ट्रिस्टन स्टब्स, रिकी भुई, कुमार कुशाग्र, रसिख डार, झे रिचर्डसन, सुमित कुमार, शाई होप और स्वास्तिक चिकारा।