LOADING...
वनडे विश्व कप 2023: बेन स्टोक्स के खेलने से इंग्लैंड की ताकत में कैसे होगा इजाफा? 
ECB ने वनडे विश्व कप 2023 के लिए अस्थाई टीम में बेन स्टोक्स को जगह दी है (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

वनडे विश्व कप 2023: बेन स्टोक्स के खेलने से इंग्लैंड की ताकत में कैसे होगा इजाफा? 

Aug 17, 2023
03:57 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बुधवार को वनडे विश्व कप 2023 के लिए 15 सदस्यीय अस्थाई टीम का ऐलान किया। दल में बेन स्टोक्स को भी जगह दी गई है। स्टोक्स ने आगामी वनडे विश्व कप 2023 में भाग लेने के लिए अपने वनडे संन्यास को त्याग दिया है। यह खिलाड़ी निश्चित रूप से इंग्लैंड क्रिकेट टीम के विश्व कप अभियान का अहम हिस्सा होगा। जानिए स्टोक्स के खेलने से इंग्लिश टीम की ताकत में कैसे इजाफा होगा।

ताकत

स्टोक्स के आने से टीम को कैसे मिलेगी ताकत? 

स्टोक्स एक उच्च स्तर के खिलाड़ी हैं। उनके कद को देखते हुए उनका टीम में होना ही मनोवैज्ञानिक रूप से उसे मजबूत करेगा। एक शानदार फिनिशर होने के साथ-साथ वह टीम को योग्य गेंदबाज के रूप में अतिरिक्त लाभ पहुंचाते हैं। स्टोक्स को भलीभांति पता है कि दबाव में कैसी क्रिकेट खेलनी है। उनकी हालिया फॉर्म को देखते हुए निश्चित रूप से वह विश्व कप जैसे बड़े मंच पर इंग्लिश टीम की ताकत में इजाफा करेंगे।

हीरो

वनडे विश्व कप 2019 के हीरो थे स्टोक्स 

क्रिकेट के जनक देश इंग्लैंड ने पहली बार साल 2019 में वनडे क्रिकेट प्रारूप का विश्व कप जीतने में सफलता हासिल की थी। स्टोक्स ने उस प्रतियोगिता में धमाकेदार प्रदर्शन कर अपनी गहरी छाप छोड़ी थी। उन्होंने 11 मैचों में 66.42 की औसत से 465 रन बनाए थे। उन्होंने बल्ले से कमाल करते हुए 93.38 की स्ट्राइक रेट से 5 अर्धशतक जमाए थे। गेंदबाजी में उन्होंने 35.14 की औसत से 7 विकेट भी झटके थे।

Advertisement

एशेज 2023

शानदार लय में हैं स्टोक्स, एशेज 2023 में बल्ले से किया कमाल 

इंग्लिश फैंस और टीम मैनेजमेंट इस बात से खुश हैं कि स्टोक्स इस समय शानदार लय में हैं। हाल ही में समाप्त हुई एशेज सीरीज 2023 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 5 मैचों में 45.00 की औसत 405 रन बनाए थे। वह सीरीज में चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने सीरीज में 1 शतक और 2 अर्धशतक जमाते हुए जमकर रन कूटे थे। उन्होंने 3 विकेट भी लिए थे।

Advertisement

वनडे करियर 

कैसा रहा है स्टोक्स का वनडे करियर? 

32 साल के स्टोक्स का वनडे क्रिकेट करियर काफी शानदार और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 105 वनडे मैचों में 38.99 की औसत और 95.09 की स्ट्राइक रेट से 2,924 रन बनाए हैं। 102 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने 3 शतक और 21 अर्धशतक भी जमाए हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 42.39 की औसत और 6.05 की इकॉनमी रेट से 74 विकेट झटके हैं। एक मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है।

Advertisement