विश्व कप फाइनल: ओवर थ्रो विवाद को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने किया खारिज, दिया ये जवाब
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के निदेशक एशले जाइल्स ने 2019 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को ओवर थ्रो में एक रन अतिरिक्त मिलने वाली बात को खारिज कर दिया है।
दरअसल, फाइनल मुकाबले में जब इंग्लैंड को जीत के लिए तीन गेंदो में नौ रनों की ज़रूरत थी, तो स्टोक्स के दो रन लेने के दौरान थ्रो उनके बैट से लगकर बाउंड्री की तरफ चला गया। जिसके बाद अंपायरों ने इंग्लैंड को छह रन दिए थे।
जानिए पूरी खबर।
बातचीत
एशले जाइल्स ने ओवर थ्रो पर एक रन अतिरिक्त मिलने की बात को नकारा
एशले जाइल्स ने कहा कि यह बिल्कुल गलत है। अंपायरों ने हमें कोई अतिरिक्त रन नहीं दिया। सब कुछ नियम के मुताबिक हुआ।
BBC ने जाइल्स के हवाले से लिखा, "हम विश्व विजेता हैं। हमें ट्रॉफी मिली है और हम इसे अपने पास रखना चाहते हैं। आप मुझसे यह भी कह सकते हैं कि बोल्ट की अंतिम गेंद जो फुलटॉस थी और अगर स्टोक्स दो रन के लिए नहीं जाते तो वह उसे छह रनों के लिए भेज सकते थे।"
विवाद
जानिए क्या था पूरा मामला
दरअसल, न्यूजीलैंड से मिले 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान जब इंग्लैंड को जीत के लिए तीन गेंदो में नौ रनों की ज़रूरत थी, तो स्टोक्स के डीप मिडविकेट पर दो रन लेने के दौरान थ्रो उनके बैट से लगकर बाउंड्री की तरफ चला गया।
ऑनफील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना ने अपने सहयोगी अंपायर से बात करने के बाद इंग्लैंड को छह रन दिए। इन रनों ने इंग्लैंड की राह आसान कर दी और मैच टाई हो गया।
क्या आप जानते हैं?
इंग्लैंड को छह रन देना अंपायरों की चूक थी- साइमन टॉफेल
पूर्व महान अंपायर साइमन टॉफेल ने कहा, "इंग्लैंड को छह रन देना अंपायरों की चूक थी। ओवर-थ्रो के लिए इंग्लैंड को पांच की बजाय छह रन दिए गए। जब गेंद स्टोक्स के बल्ले से टकराई थी, तो दूसरा रन पूरा नहीं हुआ था।"
नियम
जानिए क्या कहता है नियम
क्रिकेट में ओवर थ्रो के नियम 19.8 के मुताबिक, "अगर ओवर थ्रो से बाउंड्री मिलती है, तो इसमें दौड़कर लिए गए रनों के साथ बाउंड्री के रन भी दूसरी टीम को पेनल्टी के रूप में दिए जाएंगे। इस दौरान इसमें सिर्फ वो रन जोड़े जाएंगे, जिसे बल्लेबाजों ने पूरा कर लिया हो।"
नियम के अनुसार फील्डर के थ्रो रिलीज करने से पहले अगर बल्लेबाज़ एक दूसरे को क्रॉस कर लेते हैं, तभी वह रन ओवर थ्रो में शामिल किया जाएगा।
लेखक के विचार
इंग्लैंड को मिलने चाहिए थे पांच रन
न्यूजीलैंड-इंग्लैंड के ओवर थ्रो विवाद में नियम का दूसरा हिस्सा महत्वपूर्ण है।
इस मामले में गौर करने वाली बात यह है कि जब गप्टिल ने थ्रो फेंका तब तक स्टोक्स और आदिल रशीद ने दूसरे रन के लिए एक दूसरे को पार नहीं किया था।
ऐसे में अंपायरों को इंग्लैंड को पांच रन देने चाहिए थे। हालांकि, नियमों में अस्पष्टता भी है, जिसे ICC को दूर करना चाहिए।
क्योंकि अगर यह घटना न होती तो शायद परिणाम कुछ और होता।