Page Loader
एलिस पेरी 300वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरी, ऐसा करने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ी
एलिस पेरी 300वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरीं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

एलिस पेरी 300वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरी, ऐसा करने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ी

Jan 07, 2024
07:13 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज खिलाड़ी एलिस पेरी ने भारतीय महिला टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में मैदान पर उतरने के साथ ही अपने नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज करा ली है। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 300वां मैच है। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलिया की पहली और दुनिया की चौथी महिला खिलाड़ी बनी है। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है। आइए उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

सर्वाधिक

मिताली राज के नाम है सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड

महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड भारतीय टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम दर्ज हैं। उन्होंने अपने करियर में 333 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में देश का प्रतिनिधित्व किया था। इस मामले में दूसरे पायदान पर इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की चार्लोट एडवर्ड्स हैं, जिन्होंने अपने करियर में 309 मुकाबले खेले थे। इसी तरह तीसरे पायदान पर न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं, वह अब तक 309 मुकाबले खेल चुकी हैं।

करियर

कैसा रहा है पेरी का टेस्ट करियर?

पेरी ने फरवरी 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 12 टेस्ट खेल चुकी है, जिसकी 21 पारियों में 66.07 की औसत और 45.63 की स्ट्राइक रेट से 925 रन बना चुकी हैं। उन्होंने 1 दोहरे शतक के साथ 2 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 213* रन का रहा है। वह टेस्ट की 21 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 38 विकेट भी अपने नाम कर चुकी हैं।

प्रदर्शन

कैसा रहा है पेरी का वनडे करियर?

पेरी ने जुलाई 2007 में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम में खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 141 वनडे खेल चुकी है, जिसकी 114 पारियों में 51.36 की औसत और 78 की स्ट्राइक रेट से 3,852 रन बना चुकी हैं। उन्होंने 2 शतक और 34 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112* रन का रहा है। वह 128 पारियों में 25.24 की औसत से 162 विकेट भी चटका चुकी है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/22 विकेट है।

करियर

कैसा रहा है पेरी का टी-20 करियर? 

पेरी ने फरवरी 2008 में इंग्लैंड टीम में खिलाफ अपने टी-20 करियर का आगाज किया था। वह अब तक 146 टी-20 खेल चुकी है, जिसकी 90 पारियों में 32.25 की औसत और 115.79 की स्ट्राइक रेट से 1,774 रन बना चुकी हैं। इस प्रारूप में उन्होंने 9 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75 रन का रहा है। वह 132 पारियों में 18.93 की औसत से 123 विकेट भी चटका चुकी है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/12 विकेट का है।